
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। जहां चाह, वहां राह। खंडवा की विधायक ने इस बात को फिर से साबित कर दिया। जनप्रतिनिधि होने के नाते उनके पास खुद के लिए समय की कमी होना स्वाभाविक है, बावजूद इसके उन्होंने एक बार फिर से कॉलेज में परीक्षा दी है। इससे पहले भी वे बतौर जिला पंचायत अध्यक्ष एक परीक्षा दे चुकी हैं। पढ़ाई के प्रति उनका लगाव अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए एक प्रेरणा का काम कर सकता है।
खंडवा विधायक कंचन तनवे शहर के पुराने नीलकंठेश्वर महाविद्यालय में परीक्षा देने पहुंची। इसी कॉलेज का लोकार्पण कुछ देर पहले ही विधायक ने किया था। यहां उन्होंने बैचलर ऑफ सोशल वर्क की परीक्षा दी। रिनोवेशन के बाद अब इस कॉलेज का नाम प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस हो गया है,
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया, इस कॉलेज का रविवार को दोपहर 1:30 बजे विधायक कंचन तन्मय ने फीता काटकर लोकार्पण किया। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे परीक्षा के समय अनुसार कॉलेज में बैचलर ऑफ सोशल वर्क (BSW) की परीक्षा देने पहुंची।
परीक्षा देने के बाद विधायक कंचन तनवे ने कहा, "पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती, जब हमारी तैयारी हो हमें परीक्षा देना चाहिए। मैं सभी छात्र-छात्राओं से अनुरोध करती हूं कि जीवन में शिक्षा का काफी महत्व है। यदि शिक्षा हमारे पास है तो हमें किसी बात की कोई कमी नहीं है। शिक्षा ऐसा धन है जिसे हमसे कोई छीन नहीं सकता। अतः मन लगाकर पढ़ाई कर अपने परिवार अपने शहर का नाम रोशन करें।"
विधायक कंचन तनवे ने कहा, "मायके में मैंने आठवीं तक परीक्षा पास की, उसके बाद शादी हो जाने के पश्चात भी मैंने परीक्षा दी। पढ़ाई के जुनून के चलते इस बीच जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर रहते हुए भी परीक्षा दी। अब जब विधायक बन गई, जो मेरी बी.एस .डब्ल्यू की पढ़ाई अधूरी रह गई थी, वह भी पूर्ण करने जा रही हूं।"
