
खंडवा। इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआइ) के प्रथम चरण में बोरगांव से धनगांव तक करीब 58 किलोमीटर के फोरलेन हाइवे का कार्य पूरा हो चुका है।
अब खंडवा से इंदौर और बुरहानुपुर का सफर करने वालों को राहत मिलेगी। वैसे चार चरणों में बनने वाले इस हाइवे का करीब 75 प्रतिशत कार्य बाकी है। प्रथम चरण में बन चुके बोरगांव से धनगांव तक के हाइवे की लागत वसूलने के लिए निर्माण कंपनी द्वारा खंडवा के निकट मोकलगांव में टोल बैरियर बनाया जा रहा है।
टोल वसूली की स्वीकृति के लिए एनएचआई द्वारा प्रस्ताव मुख्यालय भेज दिया है। स्वीकृति मिलते ही जून के पहले सप्ताह से टोल बैरियर की शुरूआत हो जाएगी। प्रारंभिक आकलन के अनुसार हल्के वाहनों को करीब 150 रुपये चुकाना होगा।
करीब 215 किलोमीटर के हिस्से में केवल 58 किलोमीटर फोरलेन ही तैयार हुआ है। ऐसे में वाहन चालकों को आधी-अधूरी सौगात के लिए मोटी रकम चुकाना पड़ेंगी। एनएचएआइ के प्रोजेेक्ट डायरेक्टर आशुतोष सोनी का कहना है कि प्रथम चरण में 58 किलोमीटर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यालय से टोल की दर तय होते ही टोल बूथ शुरू हो जाएगा।