
Khandwa News नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। गोरखपुर-पुणे स्पेशल ट्रेन के सामने खंडवा के एक सब्जी व्यापारी ने कूदकर आत्महत्या कर ली। स्वजन का आरोप है कि पुलिस रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बना रही थी। बयान लेने के लिए रोज थाने के चक्कर कटवाए जा रहे थे, इसलिए व्यापारी परेशान था। घटना शनिवार सुबह 6.33 बजे की है।
जानकारी के अनुसार जावर थाना क्षेत्र के सब्जी व्यापारी शेख रफीक पुत्र बिस्मिल्लाह 30 साल से सब्जी का व्यवसाय करते थे। उनके साथ 10 दिन पहले खालवा थाना क्षेत्र में 86 हजार रुपये की लूट हुई थी। स्वजन के अनुसार रफीक का व्यापार खालवा क्षेत्र के गुलाईमाल गांव की तरफ था। 17 अप्रैल को जब वे व्यापार कर घर लौट रहे थे, तभी गुलाई और धामा के बीच सुहागी कुंडिया नाले के पास उनके साथ लूट हुई थी। छह नकाबपोश बदमाशों ने धारदार हथियार दिखाकर उनकी जेब में रखे 86 हजार रुपये छीन लिए थे।
स्वजन के अनुसार रफीक सब्जी मंडी के लिए रोज सुबह चार बजे निकल जाते थे। लेकिन, जब से उनके साथ लूट हुई तब से मंडी जाना बंद कर दिया था। शनिवार सुबह जब हम उठे तो वे घर नहीं दिखे। मोबाइल भी बंद था, थोड़ी देर बाद सूचना मिली कि मथेला स्टेशन पर शव मिला है।