
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। बुरहानपुर जिले के ग्राम ढाबा से खालवा ब्लॉक के ग्राम चुनाखाल बारात लेकर जा रहा एक ट्रक शुक्रवार सुबह आड़ा खेड़ा के जंगल स्थित मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक में सवार 100 से अधिक बाराती घायल हो गए। घायलों में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में क्षमता से कहीं अधिक, करीब 140 से अधिक बाराती सवार थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10:30 बजे आड़ा खेड़ा जंगल के मोड़ पर ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही खालवा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस तथा निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खालवा पहुंचाया। चिकित्सकों ने सभी घायलों का उपचार शुरू किया। अधिकांश घायलों को सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही खालवा तहसीलदार राजेश कोचले और नायब तहसीलदार विनोद यादव भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मोड़ पर ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। हादसे में संजू हीरा उम्र 40, संगीत प्रकाश उम्र 20, शांतिलाल पिता चुन्नू उम्र 45, मगन पिता भिल्या उम्र 70, कालू पिता बुड्या उम्र 48, अनिल पिता माणिकराव उम्र 42, आराध्या पिता राजेन्द्र उम्र 9, आकाश पिता शकर उम्र 20, लीला पति नेहरू उम्र 35, प्रीति पिता संजू उम्र 12, सरोजनी पिता अरुण उम्र 17, नेहरू पिता ढोलिया उम्र 43, कोमल पिता सालिगराम उम्र 15, गोलू कलीराम उम्र 30 साल इस हादसे में घायल हो गए।