
Kishore Kumar Birth Anniversary: खंडवा(नईदुनिया प्रतिनिधि)। हरफनमौला गायक किशोर कुमार की समाधि उनके जन्मदिन पर शुक्रवार को फूलों से महक उठी।यहां दूर-दूर से आए उनके चाहने वालों ने स्वरांजलि दी।समाधि पर दूध जलेबी का भोग लगाया गया। किशोर कुमार के जन्मदिन को सेलिब्रेट करने के लिए उनके प्रशंसक कोलकाता, बंगाल, इंदौर सहित देशभर से आये।
किशोरकुमार के जन्मदिन को खंडवा में गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। किशोर कुमार की समाधि पर ही नहीं शहर में भी जगह-जगह पर संगीत की महफिल सजाई गई।
नगर निगम और किशोरकुमार प्रेरणा मंच के संयुक्त तत्वाधान में किशोरकुमार के समाधि स्थल पर आर्केस्ट्रा का आयोजन रखा गया। यहां किशोर प्रेमियों ने गीतों की प्रस्तुति दी।

आमजन से लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी गीत गुनगुनाए।समाधि स्थल पर मुंबई से आए गायक राम शंकर भी पहुंचे।उन्होंने समाधि पर पुष्प अर्पित करने के बाद मंच से गीत भी गुनगुनाया।
रामशंकर ने कहा कि मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि किशोरकुमार गौरव सम्मान मुझे दिया जा रहा है।मंच से गायक प्रशांतकुमार ने भी गीत गुनगुनाकर किशोरकुमार को स्वरांजलि दी।
विधायक देवेंद्र वर्मा, महापौर अमृता अमर यादव, निगमायुक्त नीलेश दुबे ने भी स्वरांजलि दी।इस मौके पर किशोरप्रेमियों ने मंच पर केक काटकर किशोरदा का जन्मदिन सेलिब्रेट किया।
समाधि स्थल पर हाल ही में लगाई गई किशोरकुमार की आदमकद प्रतिमा के साथ फोटो खिंचवाने के लिए किशोरप्रेमियों में होड़ लगी रही।