
गोविंद गीते, खंडवा, Kishore Kumar Bungalow in Khandwa। हरफनमौला किशोर कुमार का बंगला एक बार फिर सुर्खियों में है। प्रशासन बंगले को जनभागीदारी से संवारने के साथ ही इसे अधिग्रहित करने की तैयारी कर रहा है। प्रशासन के इस कदम पर किशोर दा के भतीजे अर्जुन कुमार ने आपत्ति ली है। नईदुनिया से चर्चा में अर्जुन कुमार ने कहा कि यह बंगला मेरी प्रापर्टी है। कोई कैसे बंगले को अधिग्रहित कर लेगा। खंडवा के बाम्बे बाजार क्षेत्र में स्थित किशोर कुमार के पुश्तैनी बंगले की हालत जर्जर हो चुकी है। कलेक्टर अनय द्विवेदी के निर्देश पर एसडीएम ममता खेड़े ने शुक्रवार को बंगले का निरीक्षण करने के बाद इसके जीर्णोद्धार के लिए प्रस्ताव बनाने की बात कही है। यह प्रस्ताव संस्कृति विभाग को भेजा जाएगा। प्रशासन का यह भी कहना है कि यदि किशोर कुमार के स्वजन इसके लिए अनुमति नहीं देते हैं तो अधिग्रहित करने की कार्रवाई की जाएगी।
दो हिस्सों में हुआ था बंगले का बंटवारा
बंगले का बंटवारा दो हिस्सों में हुआ था। इसमें अनूप कुमार (कल्याण कुमार) के बेटे अर्जुन को 75% हिस्सा मिला है। शेष हिस्सा किशोर दा के बेटे सुमित को मिला है। अर्जुन ने बंगले की कुछ दुकानों को बेच दिया है।
कोई भी दादागिरी कर बंगला अधिग्रहित नहीं कर सकता
इधर, अर्जुन कुमार ने नईदुनिया से चर्चा में स्पष्ट किया है कि बंगले को अधिग्रहित नहीं होने दिया जाएगा। इसका संपत्ति कर मैं हर साल जमा करता हूं। कोई ऐसे दादागिरी कर बंगला अधिग्रहित नहीं कर सकता। हालांकि बंगले के जीर्णोद्धार के साथ यहां संग्रहालय बनाने की बात पर उन्होंने कहा कि जो भी प्रस्ताव बनेगा, उसका विश्लेषण करेंगे, इसके बाद ही कुछ निर्णय लेंगे। उनका कहना है कि यह मेरी निजी संपत्ति है, मैं कुछ भी करूं।
इस साल का टैक्स बकाया : नगर निगम के रिकार्ड में बाम्बे बाजार स्थित यह बंगला कल्याण कुमार के नाम पर दर्ज है। बंगले का संपत्ति कर अर्जुन द्वारा हर साल अदा किया जाता है। वर्तमान में चालू वर्ष का टैक्स 5506 रुपये बकाया है।