Kishore Kumar Death Anniversary: फूलों से सजी खंडवा में किशोरकुमार की समाधि, सुरों से श्रद्धांजलि
Kishore Kumar Death Anniversary: चुनावी आचार संहिता के कारण आयोजन से राजनीतिक लोगों ने दूरी बनाकर रखी। विधायक, महापौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि किशोर कुमा ...और पढ़ें
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Fri, 13 Oct 2023 12:13:53 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Oct 2023 12:25:00 PM (IST)
खंडवा में फूलों से सजी किशोर कुमार की समाधि, दूध-जलेबी का भोग भी लगायाHighLights
- चुनावी आचार संहिता के चलते समाधि स्थल पर हर वर्ष की तरह मंचीय कार्यक्रम नहीं होगा।
- किशोरदा के प्रशंसक उन्हें स्वरांजलि के साथ ही पुष्पांजलि देने के लिए पहुंचे।
- समाधि स्थल फूलों से सजा और दूध-जलेबी का भोग भी लगा।
Kishore Kumar Death Anniversary: नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा । हरफनमौला किशोरकुमार की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को उनकी समाधि फूलों से महक उठी। यहां किशोरदा के प्रशंसक उन्हें स्वरांजलि के साथ ही पुष्पांजलि देने के लिए पहुंचे। हालांकि चुनावी आचार संहिता के चलते समाधि स्थल पर हर वर्ष की तरह मंचीय कार्यक्रम नहीं होगा। शुक्रवार को किशोरकुमार की पुण्यतिथि पर आचार संहिता का साया नजर आया। समाधि स्थल फूलों से सजा और दूध-जलेबी का भोग भी लगा।
गायकों ने गीतों की प्रस्तुति दी
आयोजन स्थल पर नगर निगम और किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के संयुक्त तत्वावधान में मंचीय कार्यक्रम रखा गया। यहां राजकोट, परतवाड़ा, नासिक, भुसावल, नागपुर सहित खंडवा के गायकों ने गीतों की प्रस्तुति दी। समाधि स्थल पर किशोर प्रेमी पंढरीनाथ पटेल की पुस्तक का विमोचन भी हुआ। ये पुस्तक उन्होंने किशोर कुमार की जीवन यात्रा पर लिखी है।
नेताओं ने बनाई कार्यक्रम से दूरी
चुनावी आचार संहिता के कारण आयोजन से राजनीतिक लोगों ने दूरी बनाकर रखी। विधायक, महापौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि किशोर कुमार को श्रद्धांजलि देने नहीं पहुंचे। समाधि स्थल पर वाद्ययंत्रों पर गीतों की प्रस्तुति नहीं हुई। प्रशंसकों ने ट्रैक पर गीत गुनगुनाए।
गौरीकुंज सभागृह में किशोर नाइट
इधर किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा गौरीकुंज सभागृह में किशोर नाइट का आयोजन शुक्रवार शाम सात बजे से किया जाएगा जो रात दस बजे तक चलेगा।मंच के प्रवक्ता सुनील जैन और नारायण बाहेती ने बताया कि इस आयोजन में दूर-दूर से आने वाले किशोरप्रेमियों द्वारा गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें राजकोट से द्वारका सोनी, जलगांव से अनूप चांडक सहित अन्य कलाकार प्रस्तुति देंगे। इधर शहर में भी अलग-अलग क्षेत्रों में किशोरप्रेमी गीतों की प्रस्तुति से किशोरदा को स्वरांजलि देंगे।
14 अक्टूबर को मनाया जाएगा दादामुनि का जन्मदिन
रजत पट के पहले महानायक अशोक कुमार यानी दादा मुनि का जन्मदिन भी 13 अक्टूबर को है। अशोक कुमार ने किशोर कुमार के निधन के बाद से कभी अपना जन्मदिन नहीं मनाया। इसलिए किशोर कुमार फाउंडेशन द्वारा गत दो सालों से दादा मुनि का जन्मदिन उनके पैतृक निवास गांगुली हाउस में 14 अक्टूबर को मनाया जा रहा है।