
खंडवा। हरफनमौला किशोर कुमार की 32वीं पुण्यतिथि रविवार सुबह समाधिस्थल को फूलों से सजाया गया। यहां प्रशंसकों ने दूध-जलेबी का भोग लगाकर किशोर कुमार को स्वरांजलि दी। समाधि स्थल पर ही नहीं बल्कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में भी किशोर दा के चाहने वाले उन्हें अपने अंदाज में श्रद्धांजलि दे रहे हैं। पुण्यतिथि का विशेष कार्यक्रम संस्कृति विभाग की ओर से पुलिस लाइन ग्राउंड पर आयोजित किया गया है। यहां मुख्य अतिथि मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ की उपस्थिति में फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन को किशोर कुमार अलंकरण से नवाजा जाएगा।
सुबह नगर निगम के बैनर तले यहां आर्केस्ट्रा के साथ कलाकारों ने किशोर दा के गीतों की प्रस्तुति दी। नगर निगम द्वारा समाधि को फूलों से सजाया गया। रविवार शाम करीब 7.30 बजे पुलिस लाइन ग्राउंड पर किशोर कुमार अलंकरण समारोह होगा। इस समारोह में गायक रवींद्र शिंदे, अपर्णा नगरकट्टी और सायली कांबले साथियों के साथ सुरों की महफिल सजाएंगे।
आज बनेगा 34 घंटे गायिकी का विश्व रिकॉर्ड
जब कोई बात बिगड़ जाए..दिलबर मेरे कब तक मुझे ऐसे ही तड़पाओगे..ये दिल ना होता आवारा...पल-पल दिल के पास तुम रहती हो...जैसे गीतों के साथ शनिवार दोपहर करीब 12.10 बजे 34 घंटे गायिकी का सिलसिला गांधी भवन में शुरू हुआ। यहां पहली प्रस्तुति दिव्यांग कलाकारों द्वारा दी गई। केसीसी मित्र क्लब द्वारा आयोजित इस आयोजन में गायक कलाकार एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दे रहे हैं। यहां एक गायक द्वारा करीब चार से पांच गीतों की प्रस्तुति दी जा रही है। दिल्ली, कोलकाता, मुंबई सहित अन्य शहरों से आए गायकों की प्रस्तुति को सुनने के लिए गांधी भवन में बड़ी संख्या में श्रोता पहुंच रहे हैं।
यहां गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के डॉ.मनीष विश्नोई और प्रेमनारायण चड्ढा सतत गायिकी की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। केसीसी मैत्री क्लब के दीपक पाठक ने बताया ने बताया कि करीब सौ से अधिक गायक इस आयोजन में प्रस्तुति देने के लिए अलग-अलग शहरों से आए हैं। 13 अक्टूबर रात 10 बजकर 12 मिनट पर 34 घंटे पूरे होते ही आयोजन समाप्त किया जाएगा। रिकॉर्ड बनने पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड द्वारा टीम को सर्टिफिकेट दिया जाएगा।