
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। चार दिन से लापता युवक के मामले में उसके साथी का कथित बयान सामने आने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने युवक के बारे में पूछा तो उसके साथी ने कहा, ‘तुमसे जो बने वह कर लो, मैंने तो उसे मारकर फेंक दिया है। चार दिन हो चुके हैं।’
युवक के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद परिजनों ने मोघट थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद अपहरण और मारपीट के मामले में प्रकरण दर्ज किया है। लापता युवक की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, गुलशन नगर गली नंबर-4 निवासी साबिर पिता लतीफ उर्फ अय्या पिछले चार दिनों से लापता है। शनिवार देर रात सोशल मीडिया पर करीब दो मिनट 34 सेकंड का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें सद्दाम नाम का युवक साबिर के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में चार से पांच अन्य लोगों के भी मौजूद होने की बात कही जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद साबिर के भाई फिरोज बाबा और जाकिर बाबा ने पुलिस से शिकायत की।
फिरोज बाबा के मुताबिक, साबिर व्यापार के सिलसिले में अक्सर चार-पांच दिन तक बाहर रहता था। इसी वजह से उसके लापता होने की सूचना तत्काल पुलिस को नहीं दी गई। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। परिजनों ने साबिर के दोस्त सद्दाम निवासी इमलीपुरा को पूछताछ के लिए थाने बुलाया।
इस दौरान उन्होंने दोनों के बीच हुए विवाद और साबिर के बारे में जानकारी मांगी। परिजनों का आरोप है कि सद्दाम ने जवाब में कहा कि उसने साबिर को मारकर फेंक दिया है और चार दिन हो चुके हैं। इसके बाद वह वहां से चला गया। हालांकि, साबिर के साथ वास्तव में क्या हुआ है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वायरल वीडियो हताई इमामबाड़े का बताया जा रहा है। इसमें सद्दाम कथित तौर पर साबिर को दूध तले ले जाकर मारने की बात कहता सुनाई दे रहा है। इसके बावजूद वीडियो में मौके पर ही साबिर के साथ मारपीट होती दिखाई देती है। साबिर खुद को बचाने के लिए गुहार लगाता नजर आ रहा है। वीडियो में अन्य लोगों की मौजूदगी की बात भी सामने आई है।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पहले गुमशुदगी दर्ज की। इसके बाद वीडियो दिखाए जाने पर अपहरण और मारपीट के संबंध में प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साबिर की तलाश में जुटी है। युवक के लापता होने और वीडियो में दिखाई दे रही घटना को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।