
नईदुनिया न्यूज, ओंकारेश्वर। ज्योतिर्लिंग नगरी ओंकारेश्वर में रविवार शाम नर्मदा नदी में दो नावों की टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद एक नाव में पानी भरने लगा और वह डूबने की स्थिति में पहुंच गई। नाव में सवार गुजरात और बिहार के श्रद्धालुओं की जान पर बन आई। हालांकि सभी यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। आसपास मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए दूसरी नाव की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, नाव क्रमांक 70 के नाविक मनोज पुत्र हुकुम अपनी नाव घाट पर लगा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही नाव क्रमांक 263 से उसकी टक्कर हो गई। इस नाव को लक्की पुत्र कालू चला रहा था। नाव क्रमांक 263 में गुजरात से आए जयप्रकाश पटेल, पीनल पटेल, जिया, तनिष्क, सेजल, माही पटेल और कमलभाई सवार थे, जबकि दूसरी नाव में बिहार के श्रद्धालु बैठे थे।
टक्कर लगते ही घबराए यात्री अपनी जगह से खड़े हो गए, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और उसमें पानी भरने लगा। नाव को डूबता देख आसपास के नाविक तत्काल मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को दूसरी नाव में बैठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
नाविकों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। नाव टकराने के मामले में नगर परिषद सीएमओ मोनिका पारदी ने बताया कि घटना की पंचनामा कार्रवाई कर जांच की जा रही है। दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।