
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। गोवा एक्सप्रेस में सफर कर रहे नासिक के यात्री को कथित रूप से नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने का मामला सामने आया है। यात्री के बेहोश मिलने के बाद खंडवा स्टेशन पर जीआरपी ने उसे उतारकर मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यात्री के पास से करीब डेढ़ ग्राम की सोने की चेन और 20 हजार रुपये नकद गायब बताए जा रहे हैं। घटना के बाद ट्रेनों में जहरखुरानी करने वाले गिरोह के फिर सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
पीड़ित की पत्नी शोभा उमेश तोकसा निवासी पीपलगांव, जिला नासिक ने बताया कि वे झांसी में तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से गोवा एक्सप्रेस से मनमाड लौट रहे थे। रात करीब 1:30 बजे तक वह जाग रही थीं। इसके बाद उन्हें नींद आ गई। सुबह नींद खुली तो पति 65 वर्षीय उमेश पुत्र भैरूलाल तोकसा बर्थ पर नहीं थे। डिब्बे में तलाश करने पर वह बेसुध हालत में मिले। यात्रियों की मदद से इसकी सूचना दी गई और खंडवा स्टेशन पर उन्हें उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया।
स्वजनों के मुताबिक उमेश के होश में आने के बाद पता चला कि उनकी करीब डेढ़ ग्राम की सोने की चेन और 20 हजार रुपये नकद नहीं हैं। आशंका है कि किसी ने बिस्किट में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें खिलाया और बेहोशी का फायदा उठाकर सामान लूट लिया।
खंडवा जीआरपी थाना प्रभारी एमपी ठक्कर ने बताया कि गोवा एक्सप्रेस में यात्री के बेहोश मिलने की सूचना पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। होश में आने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
ट्रेनों में यात्रियों को नशीली चीज खिलाकर लूटने की घटनाएं सामने आने पर आशंका है कि जहरखुरानी गिरोह फिर सक्रिय हो सकते हैं। ऐसे गिरोह आमतौर पर यात्रियों से दोस्ती कर खाने-पीने की चीजें साझा करने का भरोसा पैदा करते हैं और मौका मिलते ही वारदात कर फरार हो जाते हैं। इस मामले में जीआरपी द्वारा ट्रेन के यात्रियों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की जानकारी जुटाना अहम होगा।
यह भी पढ़ें- MP में ट्रेन का सफर हुआ असुरक्षित, 3 साल में 70% बढ़े अपराध के केस, देश में दूसरे नंबर पर पहुंचा राज्य