Ram Mandir Pran Pratishtha: खंडवा में जमीन से आसमान तक जगमगाएगी राम ज्योत
खंडवा संसदीय क्षेत्र में चार स्थानों पर आकाशीय दीप महोत्सव अंतर्गत 5110 भगवा आकाशदीप व गुब्बारे छोड़े जाएंगे।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Sun, 21 Jan 2024 08:18:01 AM (IST)
Updated Date: Sun, 21 Jan 2024 08:18:01 AM (IST)
प्राचीन भवानी माता मंदिर परिसर में राम ज्योत से जगमगाता प्रदेश का सबसे बड़ा दीपक।HighLights
- खंडवा संसदीय क्षेत्र में छोड़े जाएंगे 5110 भगवा आकाशदीप गुब्बारे
- प्रदेश के सबसे बड़े दीपक से रोशन हुआ भवानी माता मंदिर परिसर
- 21 जनवरी को गुरु गोविंद सिंह स्टेडियम पर आकाशीय दीप महोत्सव का आयोजन होगा।
Ram Mandir Pran Pratishtha: मनीष करे, खंडवा। अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर अपार उत्साह है। इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए सभी आतुर हैं। शहर के प्राचीन तुलजा भवानी माता मंदिर परिसर में 1008 किलो वजनी प्रदेश का सबसे बड़ा दीपक महापौर अमृता अमर यादव द्वारा प्रज्वलित किया गया है। इस राम ज्योत से पांच दिनों तक पूरा क्षेत्र रोशन रहेगा।
आकाशीय दीप महोत्सव
इधर 22 जनवरी अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के ऐतिहासिक पल को संजोए रखने के उपलक्ष्य में 21 जनवरी को गुरु गोविंद सिंह स्टेडियम पर आकाशीय दीप महोत्सव का आयोजन होगा। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और पूर्णिमा सामाजिक सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा शाम में भव्य आतिशबाजी, रंगोली ,वानर सेना की झांकी और पुष्प वर्षा की जाएगी।
राम ज्योति से पूरा क्षेत्र जगमगाएगा
खंडवा संसदीय क्षेत्र में चार स्थानों पर आकाशीय दीप महोत्सव अंतर्गत 5110 भगवा आकाशदीप व गुब्बारे छोड़े जाएंगे। दीपों की यह संख्या भगवान राम 14 वर्ष अर्थात 5110 दिवस का वनवास काट कर लौटने की खुशी व दीपावली के उपलक्ष्य में तय की गई है। 21 जनवरी शाम छह बजे छोड़े जाने वाले इन आकाशदीप की राम ज्योति से पूरा क्षेत्र जगमगाएगा।
सांसद मित्र मंडल के चंद्रेश पचौरी ने बताया कि अयोध्या महोत्सव के अंतर्गत धरती से लेकर आसमान तक राम ज्योत से क्षेत्र रोशन होगा। इस कड़ी में 21 जनवरी शाम में तीर्थनगरी ओंकारेश्वर, अवधूत संत दादाजी धूनीवाले की धरा खंडवा, नर्मदा तट बड़वाह और ऐतिहासिक शहर बुरहानपुर में साधु-संत और आमजन के साथ जय श्री राम की जय घोष के बीच आकाश में दीप छोड़े जाएंगे।
108 घंटे जगमगाएगी अखंड राम ज्योत
शहर के प्राचीन मां तुलजा भवानी माता मंदिर प्रांगण में 48 घंटे पहले प्रज्वलित किए गए प्रदेश के सबसे बड़े दीपक की राम ज्योत 108 घंटे झिलमिलाएगी। 1008 किलो वजनी दीये का निर्माण सवा लाख रुपये की लागत से किया गया है। गुरुवार शाम पंडित अमित दाधीच सहित पांच पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच महापौर अमृता यादव ने राम ज्योत को प्रज्वलित किया। इस दीये में 2100 किलो तेल डाला गया है। इस ज्योत को मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी राम ज्योत माना जा रहा है। शहर के मां तुलजा भवानी माता मंदिर प्रांगण में इस कलात्मक व भव्य दीपक का निर्माण करीब पंद्रह दिन में किया गया।