यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आरएसएस के सभी अभियान धर्म की रक्षा के लिए:मोहन भागवत
संघ के संघ चालक खंडवा की भूमि से निकल रहे हैं। प्रांत और विभाग संघ चालकों के साथ विभाग कार्यवाह खंडवा से ही हैं।
By Edited By:
Publish Date: Wed, 14 Jan 2015 12:54:00 PM (IST)Updated Date: Wed, 14 Jan 2015 12:56:17 PM (IST)

खंडवा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघ चालक खंडवा की भूमि से निकल रहे हैं। प्रांत और विभाग संघ चालकों के साथ विभाग कार्यवाह खंडवा से ही हैं। खंडवा से संघ का काफी पुराना रिश्ता है। संघ के आधार स्तंभ डॉ. केशवराव बलीराम हेडगेवार ने ही खंडवा में आरएसएस की पहली शाखा की स्थापना की थी। देश में संघ द्वारा चलाए जा रहे सभी अभियान धर्म की रक्षा के लिए हैं।
यह बात राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत ने मंगलवार शाम खंडवा रेलवे जंक्शन पर संघ के पदाधिकारियों से चर्चा में कही। उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार और माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर ने भी खंडवा आकर स्वयंसेवकों को जोड़ा था।
श्री भागवत भागलपुर एक्सप्रेस से मुंबई से जबलपुर जा रहे थे। रेलवे स्टेशन पर श्री भागवत से मिलने के लिए विभाग संघ चालक भरत झंवर, विभाग कार्यवाह महेंद्र शुक्ला, जिला संघ चालक दीपक जोशी, नगर संघ चालक अतुल शाह पहुंचे। विदित हो कि प्रांत संघचालक डॉ. प्रकाश शास्त्री भी खंडवा से हैं। मंगलवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए संघ के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी भी खंडवा पहुंचे हैं।
अलर्ट रही पुलिस
मोहन भागवत के खंडवा से गुजरने की सूचना संघ पदाधिकारियों के अलावा स्थानीय पुलिस तक को नहीं थी। ट्रेन के खंडवा स्टेशन पर पहुंचने से पहले रेलवे पुलिस भी अलर्ट हो गई थी। पदाधिकारियों से चर्चा के दौरान उनके इर्द-गिर्द कड़ा पहरा रहा।-निप्र