खंडवा(नईदुनिया प्रतिनिधि)। दीपावली के अवसर पर गुरुवार को शुभ मुहूर्त में घर व प्रतिष्ठानों में महालक्ष्मी पूजन किया गया। प्रतिष्ठानों में सुबह छह बजे शुभ मुहूर्त में व्यापारी पूजन के लिए पहुंचे। घरों में शाम को पूजन किया गया। परिवार समेत सभी ने उल्लास से दीपावली मनाई। घरों के बाहर दीप जलाए गए।
लालचौकी स्थित महालक्ष्मी मंदिर में सुबह साढ़े पांच बजे से दर्शन के लिए लोग पहुंचे। सुबह काकड़ा आरती, श्रीसुक्त पाठ, हनुमान जी का पूजन किया गया। साढ़े नौ बजे महाआरती हुई। स्वर्ण आभूषणों से महालक्ष्मी माता का श्रृंगार भी किया गया। शाम को लक्ष्मी पूजन के दौरान भक्तों की भीड़ दर्शन के लिए मंदिर में उमड़ी। रात 12.52 मिनट पर कोशाम्बा महापूजन किया गया। जिसमें मंत्रोच्चार के साथ काजू, किशमिश, बादाम, पिस्ता सहित अन्य मेवों से अर्चना की गई। दीपावली पर लगभग एक लाख लोग दर्शन के लिए पहुंचे। छह नवंबर को अन्नाकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
बाजार में रही भीड़
दीपावली पर बाजार में सुबह से ही लोग पूजन सामग्री व फल खरीदने पहुंचे। घंटाघर, बुधवारा बाजार, बाम्बे बाजार, आनंद नगर, जसवाड़ी रोड सहित अन्य जगह लोग खरीदी के लिए पहुंचे। सराफा बाजार में पूजन वाले चांदी के सिक्कों की अधिक मांग रही। इसके अलावा दोपहिया वाहन व कारों की बिक्री भी हुई।
दीपों से जगमगाया श्रीदादाजी दरबार, हुई महाआरती
खंडवा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। दीपावली पर शहर के सभी मुख्य मंदिरों में सजावट साथ दीपक जलाकर उत्सव मनाया गया। सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र श्रीधूनीवाले दादाजी का दरबार रहा।
श्रीदादाजी दरबार में 180 लीटर तेल से दीपक जलाकर दीपावली का उत्सव मनाया गया। आश्रम के परिसर में दीपकों से ओम की आकृति के साथ ही त्रिशूल और स्वस्तिक बनाया गया। शाम होते ही दीपकों से जगमगाते श्रीदादाजी दरबार की छटा अलग ही नजर आने लगी। कई भक्तों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल में कैद किया। श्रीदादाजी दरबार में रात करीब 8ः30 बजे पर्व की महाआरती हुई। 108 दीपकों से हुई इस महाआरती में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। रात करीब दस बजे धूनीमाई में हवन भी हुआ। इसमें 30 किलो की हवन सामग्री की आहूति डाली गई। देर रात तक दरबार में दर्शन के लिए भक्तों का आना लगा रहा। श्रद्धालुओं ने समाधि दर्शन के साथ ही यहां आतिशबाजी भी की।