
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। जिले के छैगांव माखन ब्लाक अंतर्गत ग्राम सुरगांव जोशी में आवारा श्वानों के हमले से छह वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की हालत इतनी गंभीर हो गई कि उसे खंडवा से इंदौर रेफर करना पड़ा, जहां उसकी प्लास्टिक सर्जरी तक करनी पड़ी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
जानकारी के अनुसार अवि पुत्र अनिल पटेल, निवासी ग्राम चिचगोहन भेरू खेड़ा, अपनी बुआ के घर सुरगांव जोशी आया हुआ था। 14 मई को दोपहर करीब एक बजे वह घर के बाहर शौच के लिए गया था। इसी दौरान वहां घूम रहे 6 से 7 आवारा श्वानों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। कुत्ते बच्चे को करीब 50 मीटर दूर खेत तक घसीटकर ले गए और बुरी तरह नोच डाला।
हमले में बच्चे के पूरे शरीर पर गहरे घाव हो गए। सिर पर गंभीर चोटें आईं तथा सिर की चमड़ी और बाल तक नोच लिए गए। अचानक वहां से गुजर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति की नजर बच्चे पर पड़ी।उन्होंने साहस दिखाते हुए श्वानों को भगाया और शोर मचाया। आवाज सुनकर बच्चे के अंकल और फूफा मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे खंडवा जिला अस्पताल लेकर आए।डाक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे इंदौर रेफर कर दिया।स्वजन के अनुसार इंदौर में बच्चे की प्लास्टिक सर्जरी की गई है और उसका उपचार जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि सुरगांव जोशी में आवारा श्वानों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। आए दिन कुत्ते बच्चों, गाय-बछड़ों और अन्य पशुओं पर हमला कर रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा श्वानों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रेबीज और आरआइजी (रेबीज इम्यूनोग्लोबुलिन) इंजेक्शन की कमी से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।डाग बाइट के बाद इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों और उनके स्वजन को अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।ग्रामीणों के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कई दिनों से रेबीज इंजेक्शन और आरआइजी उपलब्ध नहीं हैं।ऐसे में मरीजों को जिला अस्पताल या निजी अस्पतालों की ओर भेजा जा रहा है। कई गरीब परिवार आर्थिक तंगी के कारण निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने में असमर्थ हैं।
14 मई 2026- सुरगांव जोशी, छैगांव माखन
छह वर्षीय अवि पटेल पर 6-7 आवारा कुत्तों ने हमला किया, गंभीर हालत में इंदौर रेफर
20 अप्रैल 2025- खानवाली शाह क्षेत्र
अलग-अलग घटनाओं में 10 बच्चों को आवारा कुत्तों ने काट लिया। सभी बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
11 नवंबर 2025- मालेगांव टानी गांव
एक आवारा कुत्ते ने गांव में आतंक मचाते हुए 12 लोगों को काट लिया, जिनमें 7 महिलाएं और एक बच्ची शामिल थीं। 9 लोगों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार कई गांवों में आवारा कुत्तों द्वारा बच्चों, गाय-बछड़ों और अन्य पशुओं पर हमले लगातार हो रहे हैं, लेकिन अधिकांश मामले आधिकारिक रिकार्ड में दर्ज नहीं हो पाते।