
खंडवा, नईदुनिया प्रतिनिधि। शहर से करीब 10 किमी दूर ग्राम खड़की के ग्रामीणों ने विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। गली और चौराहे पर सड़क नहीं तो वोट नहीं के पोस्टर लगा दिए हैं। घरों की दीवारों पर भी चुनाव बहिष्कार के बैनर लगे हुए हैं। ग्राम खड़की से लोहारी को जोड़ने वाली करीब तीन किमी की सड़क नहीं बनने से लोगों में आक्रोश है। इसके साथ ही नदी पर बनी पुलिया भी बह जाने से ग्रामीणों को आवाजाही में परेशान हो रही है।
करीब 600 की आबादी वाले ग्राम खड़की में चुनाव को लेकर माहौल गर्म है। पंधाना विधानसभा क्षेत्र के इस गांव के लोगों में जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन को लेकर आक्रोश है। गुरुवार को ग्रामीण गांव की चौपाल पर जमा हुए। यहां सड़क नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाते हुए आक्रोश जताया। इसका मुख्य कारण यह है कि गांव को दूसरे गांव और शहर से जोड़ने वाली सड़क नहीं है। सड़क के नाम पर केवल मार्ग पर पत्थर बिछे हुए हैं। यहां से पैदल निकलना भी मुश्किल है।
जनसुनवाई से लेकर जनप्रतिनिधि और अधिकारियों के पास दर-दर भटकने के बाद भी ग्रामीणों की सड़क की समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इसके चलते अब लोगों ने चुनाव बहिष्कार का मन बना लिया है। घरों के बाहर लोगों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं लिखकर बैनर टांग लिए हैं। इसके अलावा गलियों में और चौराहों पर भी इसी तरह के बैनर और पोस्टर लगे हुए हैं। बैनर और पोस्टरों में यहां चुनाव प्रसार-प्रचार बंद लिखा गया है।
हेमराज पटेल ने बताया कि खड़की पंधाना विधानसभा क्षेत्र में आता है। खंडवा जाने के लिए ग्रामीणों को लोहारी गांव से होकर जाना पड़ता है लेकिन लोहारी और खड़की के बीच सड़क नहीं बनाई गई है। केवल पत्थर और मुरम पटक रखी है। इससे यहां से वाहन से निकलना तो दूर की बात पैदल ही निकलते नहीं बन रहा। खेतों में से होकर लोग आवाजाही कर रहे हैं। राजू पटेल और रितेश यादव ने बताया कि सड़क की मांग कई बार की गई। जनसुनवाई और सीएम हेल्प लाइन में भी शिकायत की लेकिन सड़क नहीं बन पाई। इसके लिए चुनाव का बहिष्कार किया जा रहा है।
रेलवे पटरियों से गुजरने को मजबूर ग्रामीण
ग्राम खड़की और लोहारी के बीच एक मार्ग छोटी रेलवे लाइन की पुलिया के नीचे से जाता है। इस मार्ग की पुलिया में नाले का पानी भरा हुआ है। बैलगाड़ी, ट्रैक्टर और अन्य वाहन गंदे पानी से होकर निकल रहे हैं। रेलवे पटरियों को बिछाने का काम यहां चल रहा है। इसके लिए यहां बिछाई गई गिट्टी के ऊपर से बाइक चालक निकलने को मजबूर हैं। कई मर्तबा बाइक अनियंत्रित होकर फिसल जाती है। इससे बाइक सवार गिर रहे हैं। राकेश पटेल ने बताया कि ग्रामीणों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। मजबूरी में पुलिया के ऊपर से निकलना पड़ रहा है।
एक साल में बदहाल हो गई 62 लाख की सड़क और पुलिया
करीब एक साल पहले ग्राम सेगवाल से खड़की तक करीब तीन किमी की सड़क का निर्माण हुआ था। करीब 62 लाख रुपए में हरदा के एक ठेकेदार ने सड़क के साथ एक पुलिया भी बनाई थी। दो माह पहले हुई पहली ही बारिश में ही पुलिया बह गई। पुलिया का कुछ ही हिस्सा रह गया है जहां से लोग पैदल आवाजाही कर रहे हैं। पुलिया के खस्ताहाल होने से ग्रामीण भारी वाहनों से आवाजाही नहीं कर रहे हैं। ग्रामीण राहुल गोयल, राकेश पटेल और विनोद पटेल का कहना है कि सड़क और पुलिया निर्माण में भ्रष्टाचार किया गया है। इसके चलते सड़क और पुलिया साल भर भी नहीं टिक पाई। सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। सड़क की गिट्टी बाहर निकल आई है। वाहन आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।