
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुलगांव में एक वृद्धा के अंतिम संस्कार स्थल को लेकर दो समुदायों के बीच उपजा विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। स्थिति इस कदर बिगड़ी कि शव यात्रा पर पथराव शुरू हो गया, जिसमें एक पुलिस जवान और ग्राम चौकीदार समेत कुल 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में तनाव को देखते हुए तीन थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना उस समय शुरू हुई जब गांव की 90 वर्षीय वृद्धा गंगाबाई पाटीदार के निधन के बाद परिजन उनका अंतिम संस्कार करने पहुंचे थे। मुख्य श्मशान का रास्ता खराब होने के कारण ग्रामीण नर्मदा तट से करीब 200 मीटर दूर वासुदेव पाटीदार की निजी जमीन (खले) पर अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। पाटीदार समाज का दावा है कि यह जमीन वासुदेव पाटीदार ने श्मशान के लिए दान की है। हालांकि, जैसे ही मुखाग्नि की तैयारी शुरू हुई, पास ही रहने वाले विशेष समुदाय और कुछ अन्य ग्रामीणों ने रिहायशी इलाके के पास शव जलाने का कड़ा विरोध शुरू कर दिया।
बातचीत से शुरू हुआ विवाद गाली-गलौज और फिर उग्र पथराव में तब्दील हो गया। सरपंच फुलकी बाई वर्मा और विरोध कर रहे ग्रामीणों का तर्क था कि घरों के पास अंतिम संस्कार होने से धुएं के कारण रहवासियों को परेशानी होगी और बच्चों में भय पैदा होगा। इसी बीच उपद्रवियों ने घरों की छतों और गलियों से पत्थर बरसाना शुरू कर दिए। उपद्रवियों ने वहां मौजूद पुलिस बल को भी नहीं बख्शा। इस पथराव में पुलिस का एक जवान और ग्राम चौकीदार श्रवण पिता रणछोड़ लहूलुहान हो गए। हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कुल 8 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मंडलेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए महेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। मंडलेश्वर, महेश्वर और कसरावद थानों के पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और गांव को छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस के कड़े पहरे के बीच ही विवादित स्थल पर वृद्धा का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया, हालांकि गांव में अब भी तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
घायलों में एक पक्ष से आलोक और वासुदेव पाटीदार शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से आमिर खान, शाहीन और कई महिलाएं मामूली रूप से घायल हुई हैं। एसडीओपी श्वेता शुक्ला ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य अज्ञात पत्थरबाजों की पहचान की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।