
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। जिला अस्पताल में भर्ती एक व्यक्ति को पुलिस द्वारा मृत बताने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी तक पहुंचने का मामला सामने आया है। पुलिस से मौत की सूचना मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और खरगोन, खंडवा व बड़वानी सहित अन्य स्थानों से समाजजन यहां पहुंच गए। हालांकि जब यह बात सामने आई कि क्षिप्रा जिला देवास निवासी राजेंद्र चौहान जिंदा हैं और जिला अस्पताल में भर्ती हैं, तो सभी चौंक गए।
मामले में पुलिस अधिकारी कैमरे के सामने बोलने से कतराते रहे। वासुदेव समाज अध्यक्ष चंदन चौहान ने जिला अस्पताल पुलिस चौकी के तीन पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रधान आरक्षक वहाब खान, जितेंद्र रावत व माधव सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चौहान ने बताया कि पुलिस चौकी व कंट्रोल रूम से मृत्यु की सूचना मिलने के बाद उन्होंने मोबाइल से राजेंद्र चौहान के निधन के संदेश सामाजिक समूहों पर भेज दिए। इसी सूचना पर दूर-दूर से रिश्तेदार यहां पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारी की गई।
चौहान के अनुसार जब स्वजन शव लेने जिला अस्पताल पहुंचे तो उन्हें आधा घंटा रुकने को कहा गया और बाद में बताया गया कि राजेंद्र चौहान जिंदा हैं। स्वजन ने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से इस तरह की गंभीर चूक की गई। मामले को लेकर समाजजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई है।
जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने बताया कि यह मरीज करीब एक माह पहले जिला अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनके साथ कोई नहीं था, तो उनके फोटो प्रसारित किए गए थे। इस पर वासुदेव समाज अध्यक्ष चौहान ने बताया था कि यह व्यक्ति राजेंद्र चौहान निवासी क्षिप्रा जिला देवास के निवासी हैं और कोई भी समस्या होने पर संपर्क करने को कहा था।
गत 19 नवंबर को उन्हें अस्पताल से रिलीव भी कर दिया गया था। उनके वापस अस्पताल भर्ती होने पर अस्पताल चौकी के पुलिसकर्मी से त्रुटिवश उनके निधन की जानकारी दे दी गई थी, जिसकी उसने माफी भी मांगी है।
यह भी पढ़ें- एमपी में बिजली से रोशन होंगे प्रदेश के 46 हजार घर, खनिज से आय 30 हजार करोड़ पहुंचाने को होगा सर्वे