नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन नगर निकाय में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम पार्षद अरुणा उपाध्याय ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। अरुणा एआईएमआईएम की एक मात्र हिंदू महिला पार्षद हैं। उन्होंने अपना त्यागपत्र हैदराबाद स्थित पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में भेजा है। इसमें उन्होंने पारिवारिक व निजी कारणों का हवाला दिया है।
उन्होंने कहा है कि पारिवारिक विवाद के कारण वह पार्टी छोड़ रही है। उनके पति श्यामलाल ने मतांतरण का दबाव बनाने का आरोप उन पर लगाया था। यह भी कहा था कि वह लोगों को मुस्लिम धर्म स्वीकार करने के लिए प्रेरित कर रही हैं। अरुणा ने कहा कि उन पर मतांतरण के आरोप उनकी पार्टी के कारण लग रहे हैं।
छवि खराब करने के लिए कुछ लोग इस तरह की बातें कर बदनाम कर रहे हैं। इसमें उनका पति भी शामिल है। उन्होंने कहा कि मुझ पर पति श्यामलाल ने 50 लाख रुपये डोनेशन लेने का आरोप भी लगाया है। यह सब गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी अन्य पार्टी में शामिल नहीं होंगी।
अरुणा ने 15 दिन पहले एसपी धर्मराज मीना को आवेदन दिया था, जिसमें पति पर जान से मारने की धमकी देने और नगर पालिका व वार्ड में काम में बाधा डालने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस जांच कर रही है। बता दें कि अरुणा साल 2022 के निकाय चुनाव में खरगोन के वार्ड क्रमांक दो से असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी से चुनाव जीतकर सुर्खियो में आई थीं। मुस्लिम बहुल वार्ड से हिंदू महिला का चुनाव जीतना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा था।