
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। मोनालिसा और फरमान की शादी, सामान्य शादी नहीं बल्कि सुनियोजित लव-जिहाद है। इसमें पीएफआई की भी मिलीभगत है। इसमें हिंदू मैरिज एक्ट का भी उल्लंघन है। हिंदू व सनातनी प्रथा का दुरुपयोग किया गया है और उसका मजाक भी उड़ाया है। फरमान ने खुद मीडिया के सामने कहा है कि अभी भी वह मुसलमान है, तो एक मुसलमान हिंदू प्रथा से कैसे शादी कर सकता है?
तो उसने हिंदू मैरिज एक्ट से शादी की है और मंदिर में शादी की है तो उसके पास कौन सा प्रूफ है कि उसने पहले हिंदुत्व कबूल किया है। मुझे ऐसा लगता है कि केरला की सरकार ऐसी देश विरोधी ताकतों को सहयोग कर रही है तो हमारे देश की सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत काम करना चाहिए। यह बातें भाजपा नेत्री व सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट नाजिया इलाही खान ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में कही। वे यहां फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा के साथ पहुंची थी।
नाजिया ने मोनालिसा के तुरंत पासपोर्ट बनने, नाबालिग होने संबंधित आशंका आदि को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि हमारे देश की राष्ट्रपति खुद एक महिला है, तो उनका भी इस मामले में हस्तक्षेप होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं केरल जाने को तैयार हूं, यदि केरल सरकार सामने आकर जवाब दे। नाजिया ने कहा कि मोनालिसा के परिवार के साथ मिलकर इस पूरे मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई करेंगे।
यह भी पढ़ें- उज्जैन के छात्र का शव भारत लाने के लिए 35 लाख मांग रहा कनाडा, कार से कुचलकर की गई थी हत्या
नाजिया ने कहा कि वे जल्द ही सनोज मिश्रा व मोनालिसा के परिजनों सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और राष्ट्रपति से भी मिलने का समय मांगेंगे। एक सवाल के जवाब में नाजिया ने कहा कि मैं सिर्फ मुस्लिम नहीं हूं बल्कि सनातनी मुस्लिम हूं। नाजिया ने कहा कि मंगलवार सुबह ही कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे।