
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। खंडवा-वडोदरा राजमार्ग पर शनिवार सुबह दो कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घबराहट होने पर परिजन जिस मरीज को अस्पताल लेकर आ रहे थे, रास्ते में वह हादसे का शिकार हो गया। दो घायलों को आइसीयू में भर्ती कराया गया है। ग्राम घुघरियाखेड़ी व बिलाली के बीच हुए इस हादसे में दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह पिचक गए।
सूचना मिलने पर 112 वाहन व गोगावां पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों की संख्या अधिक होने से उन्हें निजी वाहनों से भी अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार कमोड़वाड़ा से खरगोन की ओर आ रही कार में सवार गजेंद्र जायसवाल (40) की दुर्घटना में मौत हो गई। शिक्षक संतोष जायसवाल ने बताया कि उनके जीजा गजेंद्र को शनिवार सुबह अचानक घबराहट होने लगी थी। इसके चलते परिजन उन्हें कार से जिला अस्पताल लेकर आ रहे थे। इसी दौरान वे हादसे का शिकार हो गए।
कार में सवार हेमलता जायसवाल, सचिन जायसवाल, विष्णु जायसवाल और विक्की जायसवाल भी घायल हुए हैं। वहीं दूसरे वाहन में सवार ललित बड़ोले ने बताया कि वह बड़वानी जिले के मंडवाड़ा निवासी होकर छोटे भाई श्याम के पैर में फ्रैक्चर होने से खंडवा उपचार के लिए ले जा रहे थे। इस वाहन में चार अन्य रिश्तेदार ग्राम अगलगांव से सवार हुए थे।
हादसे में ललित, श्याम बड़ोले, जितेंद्र प्रकाश, विशाल तुलसीराम, करण शंकर व तुलसीराम घायल हो गए। वाहन में सवार जितेंद्र के दोनों पैर अगले हिस्से में फंस गए थे, जिन्हें मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। चिकित्सक ने बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है। हेमलता जायसवाल व जितेंद्र को आइसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इधर ट्राले की टक्कर से वृद्ध घायल, इंदौर रेफरशहर के इंदौर रोड पर शनिवार को ही एक ट्राले ने वृद्ध को टक्कर मार दी। जिला अस्पताल पुलिस के अनुसार ट्राले की टक्कर से सखाराम यादव (63) निवासी निमगुन हाल मुकाम वल्लभ नगर को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोंट आई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इंदौर रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।