मंडलेश्वर (नईदुनिया न्यूज)। महात्मा गांधी जयंती पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विधिक साक्षरता के लिए जागरूकता रैली निकाली। जिला न्यायाधीश अजय प्रकाश मिश्र ने कहा कि रैली के माध्यम से निशुल्क न्याय प्राप्ति के लिए गरीबों को जागरूक किया जाएगा। रैली एमजी रोड होकर झंडा चौक पहुंची। जहां पैरालीगल वालेंटियर व लेखक दुर्गेश कुमार राजदीप ने बताया कि मंडलेश्वर जिला जेल में बंद स्वतंत्रता सेनानियों ने दो अक्टूबर 1942 को जेल तोड़कर घंटाघर चौक पर गांधीजी का जन्म दिन मनाया था। इनमें निमाड़ के बैजनाथ महोदय, काशीनाथ त्रिवेदी और विश्वनाथ खोड़े शामिल थे। सेनानियों को होल्कर पुलिस ने भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भूमिका के कारण जेल भेजा था। सेनानियों ने रात में बैठकर भजन कीर्तन किया। सुबह तिरंगा फहराकर वापस जेल चले गए। इसके बाद घंटाघर चौक का नाम झंडा चौक हो गया। इस दौरान न्यायाधीश विकासचंद्र मिश्र, नरेंद्र पटेल, संगीता डावर मौर्य आदि मौजूद थे।
सनावद
सनावद। नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने गांधी पार्क में बापू और शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। शिक्षिका संगीता देसाई और छात्राओं ने भजनों की प्रस्तुति दी। कवि मदन उसरे ने कविता सुनाई। लायंस क्लब सनावद सिटी के सदस्य डा. सुरेश रांका ने गांधीजी व शास्त्रीजी के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष श्याम महाजन व सचिव हेमलता रांका व सदस्यों ने पर्यावरण मित्र कपड़ों की थैली का वितरण किया। लायंस क्लब स्नेह की झोन चेयर पर्सन अनिता भागचंद जैन, अध्यक्ष रेणुका गुप्ता, समाजसेवी मुश्ताक मलिक आदि ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। नगर के सिखवाल समाज धर्मशाला में गांधीजी की रंगोली बनाई। निर्माणकर्ता चंचल जोशी ने बताया कि 52 घंटे में हरि पंडित, पूर्वा पंडित, सोनू जोशी आदि के सहयोग से रंगोली तैयार की।
बड़वाह
बड़वाह। भाजपा ग्रामीण मंडल ने नावघाट खेड़ी स्थित नर्मदा के उत्तर तट पर स्वच्छता अभियान चलाया। तट पर दुकान लगाने वालों को कचरा नहीं फेंकने, पालीथिन का उपयोग नहीं करने, दुकानों के सामने डस्टबिन रखने की समझाइश दी गई। स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। ग्रामीण मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण काग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो अक्टूबर को देशभर में स्वच्छता का संकल्प लिया था। वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान की शुरूआत की थी। स्वच्छता का संकल्प आज जनआंदोलन बन गया है। जिला मंत्री दीपक ठाकुर, मंडल महामंत्री राजकुमार वर्मा, श्याम रावत, विजय वर्मा, राजेश केवट आदि मौजूद थे।
बेड़िया
बेड़िया। मप्र नर्मदा फाउंडेशन ने गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर ग्राम रावेरखेड़ी में मां नर्मदा तट पर सफाई अभियान चलाया। सदस्यों ने करीब दो घंटे तक सफाई की। अभियान संत विश्वेश्वर दास, संत सुमेरगिरी, संत अमरगिरी व पं. राजेंद्र बर्वे के सानिध्य में हुआ। इस दौरान हीरालाल वर्मा, हरेराम केवट, दिलीप केवट, किशन केवट, महेन्द्र पंवार, लेखराम केवट, विनोद वर्मा, लोकेंद्र केवट आदि मौजूद थे।
भगवानपुरा
भगवानपुरा। शनिवार को नगर के शासकीय अस्पताल में ब्लाक कांग्रेस कमेटी ने मरीजों को फल वितरित किए। ब्लाक अध्यक्ष यशवंत जायसवाल ने गांधी व शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डाला। इस दौरान रेसला ब्राह्मणे, रायला बिल्लौरे, कैलाश सिसोदिया, कुलदीप चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष शंकर किराड़े आदि मौजूद थे।
झिरन्या
झिरन्या। ब्लाक कांग्रेस कमेटी ने बापू के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष श्रवण नायक आदि ने बापू की चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में मंगलम पवार, रामसिंह नायक, गौतम नायक, बलवीरसिंह भाटिया, ताराचंद पवार आदि मौजूद थे।