
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के ग्राम भीलगांव स्थित सोलर प्लेट बनाने की कंपनी से बैटरी चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने बताया कि कुल 37 बैटरी चोरी के मामले में 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
इनमें से 2 आरोपित उक्त कंपनी में सिक्युरिटी गार्ड थे। वहीं अपने आप को बचाने के लिए इन्हीं ने बैटरी चोरी की सूचना दी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की हुई 37 बैटरियां और चोरी में उपयोग की गई कार जब्त की है।
पुलिस ने बताया कि भीलगांव स्थित आत्मनिर्भर ऊर्जा प्रायवेट लिमिटेड के प्लांट हेड ने शिकायत की थी कि गत 7 फरवरी को कंपनी के सिक्युरिटी गार्ड रूतेश ने फोन करके बताया कि प्लांट के गोदाम में रखी बैटरियां चोरी हो गई है।
इस पर अजय 8 फरवरी को प्लांट पहुंचे और चेक किया तो गोदाम में रखी 304 बैटरी में से 37 बैटरी कम थी। शिकायत पर कसरावद थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन ने पुलिस टीम का गठन किया और जांच शुरू की।
घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों को चिंहित किया गया। पुलिस टीम ने सिक्युरिटी गार्ड रूतेश व करण से अलग-अलग पूछताछ कि तो पुलिस को उन पर संदेह हुआ।
वहीं 8 फरवरी की रात रूतेश व करण कंपनी से भाग गए। इस पर पहले रूतेश पिता श्रीराम निंगवाल निवासी ग्राम बेकल्या व करण पिता दुलेसिंह बघेल निवासी ग्राम तलावडी को खोजकर अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में उक्त दोनों आरोपितों ने अपने साथी उमेश पिता गुमानसिंह चौहान निवासी ग्राम उमराली, बादल पिता मुलेसिंह बघेल निवासी ग्राम बलवानी व रोहित उर्फ रवि पिता इंदरसिंह मोरी निवासी मोरीपुरा सुसार के साथ मिलकर बैटरी चोरी करना स्वीकार किया।