
Independence Day 2021: खरगोन। नईदुनिया प्रतिनिधि। 75 वो स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय आनबानशान के साथ मनाया गया। जिले का मुख्य समारोह डीआरपी लाइन स्थित मैदान पर राष्ट्रीय गरिमा और निर्धारित कोविड गाइडलाइन के अनुरूप मनाया गया। मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर अनुग्रह पी ने ठीक 9 बजे ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान गाया गया।
मुख्य अतिथि और पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने सलामी ली। मुख्यमंत्री का संदेश वाचन मुख्य अतिथि ने किया । संदेश वाचन में टोक्यो में आयोजित हुए 2020 ओलंपिक में रायफल शूटिंग में सहभागिता करने वाले खरगोन जिले के रतनपुर के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर का भी उल्लेख किया गया। ऐश्वर्य के माता-पिता को मप्र शासन की ओर से मंच पर प्रमाण-पत्र और मोमेंटो मुख्य अतिथि के हाथों प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक तिलक सिंह, विधायक रवि जोशी, पूर्व विधायक बाबूलाल महाजन, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांक सिंह, अपर कलेक्टर बीएस सोलंकी, एडीशनल एसपी जितेन्द्र सिंह पंवार, डॉ. नीरज चौरसिया, सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कोविड-19 में उत्कृष्ट में कार्य करने वालों को मिला सम्मान
कोविड-19 की दूसरी लहर में शासकीय एवं अशासकीय तौर पर उत्कृष्ट कार्य व सेवा करने वाले अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं और निजी व्यक्तियों को कोविड-19 की सेवा के लिए सम्मानित किया गया। 107 अधिकारी, कर्मचारी, जिला संकट प्रबंधन समूह, सामाजिक संस्थाओं, डाक्टरों और निजी व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इसी तरह पुलिस प्रशासन द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय साइबर सेल, विभिन्न थाना क्षेत्र, अभियोजना कार्यालय, पुलिस लाइन और समय-समय पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 40 लोगों सम्मानित किया गया।
कोविड-19 में 20 लाख रुपये की दान राशि की मदद करने वाले भील गांव के दिलीप भाई राठौड़ को भी सम्मानित किया गया। मनरेगा के अन्तर्गत नदी पुनर्जीवन में उत्कृष्ट कार्य करने पर झिरन्या के उपयंत्री अलोक त्रिपाठी, समूहों को विमुद्रण करने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपद पंचायत खरगोन के किरण कोठारे, नपा के सफाई कर्मी कलीम वाहेद, जल प्रदाय करने में रमेश पाटीदार को उत्कृष्ट कार्य करने पर तथा जैव विविधता का राज्य स्तरीय पुरस्कार ट्राफी के साथ बिस्टान के अविनाश दांगी को दिया गया।
डीआरपी लाईन स्थित मैदान पर परेड कंमाडर अंजली रघुवंशी के नेतृत्व में मार्च पास्ट किया गया। एएसएफ दल का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर मनीष गिरी, पुलिस बल का नेतृत्व एसआई दिनेश डांगोर, होमगार्ड का नेतृत्व का हेमलता पाटीदार, वन विभाग का नेतृत्व पवन सोनी और अश्वा रोही दल का नेतृत्व अंकुश पाटीदार ने किया। मुख्य समारोह का समापन मप्र. गान के साथ हुआ।
नवीन कलेक्टर में हुआ पहली बार झंडावंदन
नवीन कलेक्टर भवन में पहली बार झंडावंदन कलेक्टर अनुग्रह पी द्वारा किया गया। कर्मचारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।