मंडलेश्वर। मध्यप्रदेश बजट वर्ष 2019-20 में स्वीकृत 50 बिस्तरीय आयुष अस्पताल के लिए जमीन चिन्हित की गई है। शनिवार को अस्पताल के लिए प्रस्तावित स्थल का प्रमुख सचिव करलीन खोंगवार देशमुख ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि आयुष अस्पताल नौ करोड़ की राशि से बनना प्रस्तावित है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन ने दो एकड़ शासकीय भूमि की अधिग्रहण प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली है। गत दो वर्षों के दौरान जहां इस अस्पताल का निर्माण पूर्ण हो जाना चाहिए था। परंतु अब तक केवल मौका मुआयना करने तक बात पहुंची है। जून 2021 में तत्तकालीन एसडीएम मिलिंद ढोके ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण की गई थी। आबंटित भूमि के आसपास की व्यक्तिगत भूमि मालिकों द्वारा कुछ आपत्तियां दर्ज कराई गई थी। जिसका निराकरण भी कर दिया गया था। मुख्य सचिव के स्थल निरीक्षण से फिर आयुष अस्पताल की आस जाग्रत हुई है।
शिक्षा में सहायता देती है विधिक सेवा
मंडलेश्वर। बसंत पंचमी पर नगर की निजी स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सहायता अधिकारी राबिन दयाल ने बच्चों को कानून की महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई बच्चों को गाली देता है, अपशब्द कहता है तो यह कानूनन गलत है। अगर आपके साथ कोई गलत व्यवहार करता है तो आप उसकी शिकायत अपने पालक या शिक्षकों से कर सकते हैं। बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर काल कर सकते हैं। अगर पढाई में किसी बच्चे को परेशानी आ रही है तो भी आप विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवा ले सकते हैं। पैरालीगल वालेंटियर दुर्गेश राजदीप ने विधिक सेवा क्या है और कैसे विधिक सेवा प्राप्त करे यह जानकारी दी। स्वागत संस्था प्राचार्य नूतन केवट ने किया। आभार पैरालीगल वालेंटियर जोजु एमआर ने माना।
75 मरीजों का किया नेत्र परीक्षण
-05केएचआर-11-बिस्टान में महिला का नेत्र परीक्षण करते हुए डाक्टर।
बिस्टान। जिला अंधत्व समिति खरगोन ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को मोतियाबिंद परीक्षण शिविर का आयोजन किया। जिसमें कुल 75 मरीजों की जांच की गई। उसमें से 38 मरीज मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए। जिसका आपरेशन चोइथराम नेत्रालय इंदौर में किया जाएगा। आंखों की जांच डा. संदीप चौहान ने की। सहयोगी सुमित कुमार, डा.रोहिणी जाधव, डा.आशाराम खरते आदि मौजूद थे।