
*संस्कृत सप्ताह में हुई गोष्ठी में शिक्षाविद् बालकृष्ण उपाध्याय बोले
मंडलेश्वर। नईदुनिया न्यूज
देव वाणी संस्कृत को जन वाणी बनाने से भारत तथा भारतीयता का निश्चित रूप से सम्मान बढ़ेगा।
यह विचार संस्कृत भारती द्वारा संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत हुई गोष्ठी में शिक्षाविद् बालकृष्ण उपाध्याय ने व्यक्त किए। जूना श्रीराम मंदिर में बुधवार रात्रि में आयोजित गोष्ठी में उपाध्याय ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की भी महती इच्छा थी कि संस्कृत भारत की आधिकारिक भाषा बने। पं. प्रकाश मेहता ने संस्कृत को बाल्यकाल से ही सिखाने पर बल दिया। कवि विष्णु फागना ने संस्कृत ग्रंथों की विश्व मान्य महिमा प्रस्तुत की। शिक्षक कन्हैया पटेल ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय से महाविद्यालय तक विद्यालय परिसरों में संस्कृत भाषा का वातावरण बनाए ताकि शिक्षा के साथ संस्कारों का भी पोषण हो। प्रदेश शासन के महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के सदस्य पं. पंकज मेहता ने संस्कृत को जन भाषा बनाने के लिए संभाषण कक्षा, शिविर तथा साप्ताहिक चर्चा की योजना प्रस्तुत की।
वैकल्पिक कर संस्कृत भाषा
को खत्म करने की साजिश
खरगोन। संस्कृत भाषा हमारे देश की शान है। धरोहर है और अन्य भाषाओं का आधार है। मध्यप्रदेश शासन षड्यंत्रपूर्वक इस भाषा को पाठ्यक्रम में वैकल्पिक कर चुका है। विद्यार्थियों का इसके प्रति लगाव हटाकर व्यवसायिक शिक्षा की ओर प्रेरित कर रहा है। संस्कृत भाषा को पुनः कक्षा 9वीं और 10वीं के लिए अनिवार्य किया जाए।
गुरुवार को संस्कृत भारती मालवा प्रांत के अंतर्गत जनपद के पदाधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिला संयोजक सुनील वर्मा, प्रांत कार्यकारणी सदस्य मथुरालाल व विभाग संयोजक चंपालाल पटेल ने मुख्यमंत्री के नाम लिखे पत्र में चेतावनी दी है कि संस्कृत की अनिवार्यता की जाए। अन्यथा संगठन द्वारा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने शासन पर आरोप लगाया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल ने अपने आदेश में संस्कृत को वैकल्पिक कर अन्य विषय चुनने की स्वतंत्रता दी है।