
महेश्वर, खरगोन। स्थानीय पर्यटन क्षेत्र सहस्रधारा में 10 मई से 15 जून तक केनो स्लालम का नेशनल कोचिंग कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इसमें केनो स्लालम के तीन विश्व कप के लिए भारतीय टीम को तैयार किया जा रहा है। केरल के फिलिप मैथ्यू एवं मणिपुर के आस्टिन निंगोमबाम प्रशिक्षण दे रहे हैं।
मैथ्यू ने कहा कि यूरोपीय देशों में प्राकृतिक ट्रैक होते हैं, वहीं एशियाई देशों में कृत्रिम ट्रैक का निर्माण किया जाता है। वर्तमान में जो प्रशिक्षण चल रहा है, वह आगामी विश्व कप के लिए बहुत ही फायदेमंद है। भारतीय टीम यूरोपीय देशों में खेलने जाएगी, जहां प्राकृतिक ट्रैक ही होते हैं। ऐसे में सहस्रधारा में जो भी खिलाड़ियों को टिप्स दिए जाएंगे, वे विश्व कप के मैचों में मददगार होंगे। सहस्रधारा अंतरराष्ट्रीय स्तर का ट्रैक है।
प्रतिदिन सुबह-शाम कर रहे अभ्यास
मैथ्यू ने बताया कि इस कैम्प में 10 लड़के व 4 लड़कियां प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। जो आगामी दिनों में होने वाले केनो स्लालम के तीन विश्व कप में हिस्सा लेंगे। पहला विश्व कप चेक गणराज्य के प्राग में 16 से 18 जून को, दूसरा विश्व कप 23 से 25 जून को आइसबर्ग जर्मनी में तथा तीसरा विश्व कप मार्कलीबर्ग जर्मनी में 30 जून से 2 जुलाई तक होगा। प्रतिदिन खिलाड़ी सुबह 3 घंटे एवं शाम को ढाई घंटे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
नगर के 3 खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा
मैथ्यू ने बताया कि जूनियर भारतीय टीम का नगर के खिलाड़ी भी हिस्सा है। नगर के विशाल केवट, राजा केवट व राहुल केवट इस टीम में शामिल है। इसी प्रकार जूनियर टीम में शुभम तिवारी, कयाक पुरुष में कुलदीपसिंह कीर, धीरज कीर, धर्मेंद्र वर्मा, केनो पुरुष में प्रिंस परमार, विश्वदीपसिंह कुशवाह, वीरेंद्र बाथम, कयाक महिला में आरती पांडे, गणेश्वरी धुर्वे, केनो महिला में जानवी श्रीवास्तव, चंपा मौर्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।