- सात दिन तक यज्ञ में साधु-संत समर्पित करेंगे आहुतियां
बड़वाह। नईदुनिया न्यूज
नर्मदा के उत्तर तट स्थित सुंदरधाम तपोवन डेहरिया में शुक्रवार से 71वां विष्णु महायज्ञ शुरू हुआ। इसके पूर्व देवताओं का आह्वान किया गया। सात दिवसीय आयोजन महामंडलेश्वर बाबा बालकदास महाराज के सान्निाध्य में हो रहा है। प्रतिदिन साधु-संत यज्ञ में आहुति देंगे। पर्यावरण व आत्मा की शुद्धि और पूर्ण दैविकता की प्राप्ति के उद्देश्य को लेकर महायज्ञ किया जा रहा है।
बाबा बालकदास महाराज ने बताया कि इस यज्ञ का धुआं वातावरण में जहां-जहां तक जाएगा वहां तक का क्षेत्र शुद्ध होगा। यज्ञ में गृहस्थ जोड़ों के बजाय ब्राह्मण व संत ही आहुति देंगे। सभी यज्ञों में श्री विष्णु महायज्ञ सर्वश्रेष्ठ है। बालकदास ने कहा कि कलिकाल में जहां परमात्मा का नाम स्मरण ही मोक्ष प्रदान करता है वहीं विष्णु महायज्ञ जैसे आयोजन संपूर्ण क्षेत्र को धर्म तथा संस्कृति से जोड़ते हैं।
संत समुदाय के साथ भक्तों का समावेश आवश्यक
बाबा बालकदास ने कहा कि यज्ञ हमारी सनातन परंपरा है। इसे बनाए रखने के लिए संत समुदाय के साथ ही श्रद्धालुओं का समावेश आवश्यक है। सुबह 9 से 12 बजे तक पंचगव्य प्रसंग, गणेश पूजन, पंचांग कर्म पीठ, देवता आह्वान, अग्नि प्रतिष्ठा व ग्रह हवन का शुभारंभ किया गया। ब्रह्मलीन आचार्य पं. बृजमोहन द्विवेदी के शिष्य पं. रमेश, पं. जगदीश द्विवेदी, पं. संतोष, पं. मनोज, पं. राजेश, पं. राम व पं. विशाल ने वैदिक मंत्रोचार के साथ पूजा अर्चना कर हवन का शुभारंभ किया। बड़ी संख्या में दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु सम्मिलित हुए। प्रतिदिन सुबह पूजा अर्चना व अभिषेक होगा। दोपहर में हवन व महाआरती की जाएगी। समापन पूर्णाहुति और भंडारे के साथ होगा।
07केजीएन 162 बड़वाह के नर्मदा के उत्तर तट स्थित सुंदरधाम तपोवन डेहरिया में विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इसके पूर्व मंडल की स्थापना की गई -नईदुनिया
07केजीएन 163 बड़वाह के नर्मदा के उत्तर तट स्थित सुंदरधाम तपोवन डेहरिया में विष्णु महायज्ञ के शुभारंभ के पूर्व पूजा-अर्चना करते साधु-संत -नईदुनिया