खरगोन। अंचल में बुधवार को रामनवमी पर भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम का श्रृंगार कर झूला झुलाया। जय श्रीराम के जयकारों के साथ महाआरती की। इस अवसर पर कई परिवारों ने कुलदेवी पूजन भी किया।
भीकनगांव। नगर के अतिप्राचीन राम मंदिर में पुजारी ने पूजन किया। गायत्री मंदिर परिसर में स्थित राम दरबार में भी राम लला का जन्मोत्सव मनाया गया। जब सियाराम ग्रुप द्वारा हर साल रामनवमी पर भव्य आयोजन किया जाता था, परंतु इस बार राम जन्म उत्सव को अलग तरीके से मनाया गया। ग्रुप के आशीष अग्रवाल, मयंक वर्मा, क्रिश लाड़ ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए समिति ने 5100 मास्क नगर परिषद अध्यक्ष दीपक ठाकुर व सीएमओ मनोज गंगराड़े को दान में दिए हैं। इन मास्क को जरूरतमंदों को निशुल्क बांटा जाएगा। इस दौरान पार्षद पीयूष वर्मा, अंकित चौबे, निकुंज अग्रवाल, गौरव जायसवाल, गौरव सेन, गौरव गुप्ता, अक्षत अग्रवाल, मनीष पाटीदार आदि मौजूद थे।
भगवानपुरा। पीपलझोपा में बुधवार को हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए श्रीराम जन्मोत्सव मनाया। युवाओं ने भगवा ध्वज लेकर जय श्रीराम के जयकारे लगाए। भगवान के चित्र का पूजन किया। रामदास आवासे, शिवपंथ के मोजिया महाराज, गुजरसिंह सोलंकी व गोरेलाल सोलंकी ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाने, मास्क पहनने व दो गज की दूरी रखने के लिए ग्रामीणों जागरूक करेंगे।
ऊन। राम मंदिरों में रामनवमी पर्व कोविड नियमों के तहत मनाया गया। मंदिरों में पुजारियों ने पूजन कर भगवान का श्रृंगार किया। प्रतिवर्ष होने वाले भजन कीर्तन, जुलूस जैसे धार्मिक आयोजन नहीं हुए। कई परिवारों ने घरों में कुलदेवी का पूजन भी किया।
बालसमुद। राम मंदिरों में शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए श्रीराम जन्मोत्सव मनाया गया। दोपहर 12 बजे पट खुलते ही महाआरती कर प्रसादी वितरण की गई। ग्राम के विजय खिरनीवाले की ओर से भगवान श्रीराम दरबार को नए वस्त्र पहनाए गए। भगवान से कोरोना महामारी से मुक्ति के लिए प्रार्थना की गई।
गायत्री स्वजनों ने सवा छह लाख मंत्र जप अनुष्ठान किया
कसरावद । अखिल विश्व गायत्री परिवार के स्वजन प्रतिवर्ष वर्ष में दो बार नौ दिवसीय 24 हजार गायत्री मंत्र जप अनुष्ठान करते हैं। एक अनुष्ठान अश्विन नवरात्र में और एक चैत्र नवरात्र में। विश्वभर में निवासरत गायत्री परिजन उत्साह के साथ तप साधना करते हैं। इसके दो लक्ष्यय हैं, एक आत्मकल्याण व दूसरा लोककल्याण। गायत्री प्रज्ञा संस्थान कसरावद के वरिष्ठ ट्रस्टी कैलाश कुशवाह और हीरालाल कुशवाह ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह ही इस वर्ष भी नगर के 24 स्वजनों ने यह आध्यात्मिक पुरषार्थ किया। रामनवमी के शुभ अवसर पर सभी ने अपने घर में ही गायत्री यज्ञ के माध्यम से अनुष्ठान की पूर्णाहुति की। कैलाश ने बताया कि वर्तमान संकट के चलते पूरे जगत को प्रार्थना की आवश्यकता है। हीरालाल ने बताया कि सभी स्वजनों ने प्रतिदिन घर पर यज्ञ किया और कोरोना महामारी के निवारण के लिए महामृत्युंजय मंत्र से विशेष आहुतियां समर्पित कीं।
सनावद। श्रद्धालुओं ने घरों में बच्चों को भगवान श्रीराम की वेशभूषा धारण कर पूजन आरती की। पं. चंद्रशेखर पुराणिक ने बताया कि इस अवसर पर कोरोना महामारी को शीघ्र समाप्त करने के लिए श्रीराम रक्षा स्तोत्र व हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। संध्या के समय घरों के आंगन में दीपक जलाकर इंटरनेट मीडिया के माध्यम से जनमोत्स्व की बधाई देने के साथ मास्क पहनने का आव्हान किया गया। सर्वज्ञ विपुल त्रिवेदी ने भगवान श्रीराम की वेशभूषा धारण की।
मंडलेश्वर। मुख्य पुजारी मोडक परिवार के चंदन मुकुंद मोडक ने बताया कि लाकडाउन के कारण परिवार के लोगों ने ही श्रीराम जन्मोत्सव मनाया। इक्का दुक्का भक्त आए थे, जिन्हें सैनिटाइज कर दर्शन करवाए गए। नर्मदा घाट पर स्थित राम मंदिर में भक्तों ने दूर से रामलला के दर्शन किए। दोपहर 12 बजे मंदिर में आरती हुई। उधर, जूना राम मंदिर में पंडित पंकज मेहता ने विधि विधान से रामलला की मूर्ति को श्रृंगारित कर अभिषेक पूजन किया।
लोनारा
लोनारा। बाजार चौक स्थित बड़े श्रीराम मंदिर में नवरात्रि के प्रारंभ से ही रामायण पाठ किया जा रहा था। रामनवमी पर सुबह रामायण पाठ की पूर्णाहुति हुई। इसके पश्चात हवन व सुंदरकांड का पाठ हुआ। मंदिर में श्री विग्रह को नई पोशाक राजूभाई सिनगुन वालों की तरफ से दी गई। मुख्य यजमान राजेश मुकाती थे। छोटे राम मंदिर में रविंद्र जगदीश मुकाती की ओर से नवीन वस्त्र भेंट किए गए। महिलाओं ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं।