
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। शहर की जैतापुर पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह आरोपित बड़वानी जिले के वरला क्षेत्र से गांजा सप्लाय करने शहर के डाबरिया रोड पर आए थे।
आरोपितों के कब्जे से 28 किलो 500 ग्राम गांजे के साथ उपयोग की गई बाइक भी जब्त की गई है। आरोपितों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपितों को धरदबोचा। आरोपितों के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो लोग एक बाइक पर थैले में अवैध गांजा लिए डाबरिया में खड़े हैं। इस पर तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर रवाना हुए।
मुखबिर के बताए स्थान डाबरिया रोड पर संदेही की सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर के बताए हुलिये के दोनों व्यक्ति बाइक पर प्लास्टिक का थैला लिए दिखाई दिए, जो पुलिस टीम को देख कर भागने का प्रयास करने लगे। इन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा।
आरोपितों ने अपने नाम राजेश पिता मांगीलाल सेनानी व कैलाश पिता रामज्या दोनों निवासी ग्राम खपाडा थाना वरला जिला बड़वानी का होना बताया।
आरोपित पुलिस को मादक पदार्थ से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध गांजा व प्रयुक्त की गई बाइक जब्त की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों से गांजा सप्लाय के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जाएगी।