
खरगोन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। खरगोन शहर के तालाब चौक क्षेत्र में रविवार को रामनवमी पर निकाली जा रही शोभायात्रा पर इमलीपुरा क्षेत्र में पथराव कर दिया गया। इसके बाद कई इलाकों में पत्थरबाजी हुई। तालाब चौक, भावसार मोहल्ला व गोशाला मार्ग पर कई घरों और वाहनों के साथ सराफा क्षेत्र में कुछ दुकानों में आग लगा दी गई। दंगाइयों ने पेट्रोल बम फेंके। पथराव के दौरान टीआइ बनवारी मंडलोई, एक पुलिसकर्मी सहित 20 लोग घायल हो गए। हालात को काबू में करने पहुंचे पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी पर भी उपद्रवियों ने हमला कर दिया। गोशाला मार्ग स्थित शीतला माता मंदिर में तोड़फोड़ की गई। प्रशासन ने पूरे शहर में कर्फ्यू लगा दिया है।
खरगोन में घरों में आग लगाई। उन्मादी भी़ड़ ने पेट्रोल बम भी फेंके, एसपी पर भी हमला, पुलिस ने दंगाइयों पर आंसू गैस के गोले दागे।#mpnews #khargone https://t.co/jbMxF9zfps pic.twitter.com/fsraRztfsp
— NaiDunia (@Nai_Dunia) April 10, 2022
जानकारी अनुसार, बिगड़ते हालात के बीच पुलिस ने दंगाइयों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद गोशाला मार्ग, कुम्हारवाड़ा, मोतीपुरा, टावर के समीप, गणगौर चौक आदि क्षेत्र में भी हिंदू-मुस्लिम आमने-सामने हो गए। आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड पर भी पथराव किया गया। इससे कई नपाकर्मी घायल हो गए। उपद्रवियों ने छतों से पेट्रोल बम, ईंटें और पत्थरों से हमले किए। पुलिस उप महानिरीक्षक तिलकसिंह, कलेक्टर अनुग्रहा पी, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी, एसडीएम मिलिंद ढोके, एसडीएम प्रियंका पटेल पहुंच गए। देर शाम को प्रभावित क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
रामनवमी पर निकल रहे जुलूस में बज रहे डीजे को लेकर मुस्लिमों ने आपत्ति ली और पथराव शुरू कर दिया। #khargonenews #crimenews #MPNews https://t.co/jbMxF9zfps pic.twitter.com/ZTyjlUZjb5
— NaiDunia (@Nai_Dunia) April 10, 2022
सात फायर फाइटर ने लगाए कई फेरे
आगजनी की घटनाओं को काबू पाने में नगर पालिका के चार फायर फाइटर कम पड़ने लगे। इस पर सनावद व मंडलेश्वर से तीन फायर वाहन बुलाए गए।
सांसद पर पथराव, पुलिस ने आंसू गैस छोड़कर निकाला
सांसद गजेंद्रसिंह पटेल रात करीब 12:30 बजे दंगा प्रभावित क्षेत्र में निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान सराफा बाजार के आगे सांसद व उनके साथ मौजूद लोगों पर भी पथराव हुआ। इस दौरान पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर सांसद को मुश्किल से निकाला, वही शहर के अन्य तीन-चार क्षेत्रों में पथराव और आगजनी की घटनाएं भी हुईं।
शोभायात्रा की शुरुआत में ही पथराव की घटना हुई। भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले चलाने पड़े। उन्मादी भीड़ को खदेड़ा गया है। साथ ही शांति कायम करने के लिए पूरे शहर में कर्फ्यू लगाया गया है। - एसएस मुजाल्दे, अपर कलेक्टर
गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय से ली रिपोर्ट, सतर्कता बरतने के निर्देश
भोपाल (राज्य ब्यूरो)। खरगोन और बड़वानी में हुए पथराव व हिंसा की घटना के बाद प्रभावित क्षेत्रों में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) तैनात किया गया है। गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अपर मुख्य सचिव गृह डा. राजेश राजौरा ने बताया कि दोनों स्थानों पर स्थितियां नियंत्रण में हैं। खरगोन में दो और सेंधवा के लिए एक कंपनी आरएएफ तैनात कर दी गई है।
खरगोन : राम नवमी जुलूस पर पथराव, तीन चार लोगों के घायल होने की प्राथमिक सूचना इनमें पुलिसकर्मी भी शामिल, बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात#mpnews #khargonenews pic.twitter.com/RORb7LDUsB
— NaiDunia (@Nai_Dunia) April 10, 2022