महिला की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या, जिसने देखा उसको भी मौत के घाट उतारा
आरोपित शराब के नशे में था और गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से महिला की हत्या कर दी। इस घटना को वहां पर मौजूद 30 वर्षीय राजकुमार उइके ने देख लिया। आरोपित राजकुमार को भी मारने दौड़ा तो वह भागने लगा। आरोपित महेश ने पीछा कर राजकुमार पर भी कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
Publish Date: Thu, 17 Jul 2025 10:51:18 PM (IST)
Updated Date: Thu, 17 Jul 2025 10:55:14 PM (IST)
मंडला में नृशंस हत्या।HighLights
- मंडला जिले की घटना, आरोपित गिरफ्तार हुआ।
- बताया गया है कि आरोपी शराब के नशे में था।
- घटना के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। आपसी विवाद के चलते नशे में आरोपित ने पहले कुल्हाड़ी मारकर महिला की हत्या कर दी फिर इस वारदात को देखने वाले का पीछा कर उसे भी मार डाला। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घुघरी थाना क्षेत्र के ग्राम घुरगुटी पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे आरोपित 45 वर्षीय महेश मरावी का पड़ोस में रहने वाले रामलाल की पत्नी 45 वर्षीय हरिओम बाई से विवाद हो गया।
विवाद की वजह सामने नहीं आई है। आरोपित शराब के नशे में था और गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से महिला की हत्या कर दी। इस घटना को वहां पर मौजूद 30 वर्षीय राजकुमार उइके ने देख लिया।
आरोपित राजकुमार को भी मारने दौड़ा तो वह भागने लगा। आरोपित महेश ने पीछा कर राजकुमार पर भी कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
बिछिया की एसडीओपी सौरभ तिवारी ने बताया कि आरोपित पुलिस की गिरफ्त में है। वह नशे में था, जिस कारण अभी शुरुआती पूछताछ नहीं हो पाई है। घटना का कारण अभी सामने नहीं आया है।