
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। निवास थाना क्षेत्र के ग्राम जंगलिया के आंटी टोला में दीपावली की रात बड़ा हादसा हो गया। लोडेड भरमार बंदूक खाली करते समय अचानक ब्लास्ट हो गया। बंदूक से निकले मेटल पार्ट पास में खड़े 45 वर्षीय व्यक्ति के पेट में जा लगे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर मृतक के भांजे को हिरासत में लिया है। मृतक की पहचान भारत सिंह मार्को 45 वर्ष पिता रामसिंह मार्को निवासी ग्राम जंगलिया के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक भारत सिंह मार्को के पिता रामसिंह मार्को के नाम पर लाइसेंसी भरमार बंदूक है। इसका लायसेंस करीब 15 साल पुराना बताया जा रहा है। दीपावली के अवसर पर पूजन के लिए बंदूक निकाली गई थी।
पूजन के बाद उसे साफ करने के लिए भारत सिंह के भांजे वीरेंद्र उइके को दिया गया था। बताया गया कि वीरेंद्र जब लोडेड भरमार बंदूक को खाली कर रहा था, तभी अचानक ट्रिगर के पास ब्लास्ट हो गया। बंदूक से निकले तेज मेटल के टुकड़े पास में खड़े भारत सिंह के पेट में जा घुसे। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के तत्काल बाद परिजन और ग्रामीण घायल भारत सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने करीब आधे घंटे तक उपचार का प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका और मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी वीरेंद्र उइके पिता माहू सिंह निवासी छिंदगांव को हिरासत में लिया है। उसके विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की धारा में प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना के दूसरे दिन पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इनका कहना है
लोडेड भरमार बंदूक को खाली करते समय यह घटना हुई है। गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
-धर्मेंद्र सिंह धुर्वे, थाना प्रभारी, निवास