
मंडला। जिले के बम्हनी बंजर टिकरी टोला में डेंगू ने पैर पसार लिए है। आईसीएमआर की रिपोर्ट में दो डेंगू पीड़ित मरीजों की पुष्टि हुई है। शेष संदिग्ध मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बम्हनी बंजर में स्वास्थ्य अमला लगा हुआ है। पीड़ितों की जांच कर संदिग्धों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।
शनिवार को मामला मीडिया की जानकारी में आने के बाद स्वास्थ्य अमला सजग हो गया। शुक्रवार को प्रदेश के आला अफसरों के फोन जानकारी लेने के लिए जिले के स्वास्थ्य प्रमुखों के पास पहुंचने लगे।
कराया जा रहे सर्वे
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 12 मई को मलेरिया विभाग की समीक्षा बैठक चल रही थी। इसमें बम्हनी बंजर के टिकरी टोला में बुखार के अधिक मरीज पाए जाने पर स्वास्थ्य अधिकारी वहां गए तो यहां पर घरों में डेंगू मच्छर के लार्वा मिले। बुखार के रोगी भी पाए।
आईसीएमआर भेजे गए सैंपल
5 मरीजों के सैंपल लेकर आईसीएमआर जबलपुर भेजा गया। जहां दो मरीजों की रिपोर्ट पाजीटिव है।
सीएमएचओ केसी मोम ने बताया कि बम्हनी बंजर के वार्ड क्रमांक 13 में फीवर की जानकारी मिलने के बाद वहां लार्वा व फीवर का सर्वे कराया जा रहा है। 30 मरीज फीवर के मिले हैं। वहीं 25 घरों में लार्वा मिले। जिनका विनष्टीकरण करा दिया गया। कीटनाशक का छिड़काव और फॉगिंग कराई जा रही है।