निवास (नईदुनिया प्रतिनिधि)। निवास में ट्रेन के डिब्बों की तर्ज पर मॉडल स्कूल बनाया जा रहा है। जो की आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जानकारी के अनुसार मंडला कलेक्टर हर्षिका सिंह के मार्गदर्शन में मंडला जिले से प्रत्येक विकासखंड में दस दस शालाओं को मॉडल के रूप में चिन्हित किया गया है। इन शालाओं को उपलब्ध संसाधन से मॉडल के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके तहत विकासखंड निवास में 10 शालाओं को मॉडल के रूप में विकसित किया जाना है। इनमें कन्या माध्यमिक शाला निवास, सरस्वाही, महुआटोला, आमगांव, खैरानी एवं प्राथमिक शाला आमाडोंगरी, आमदरी, भानपुर बिसोरा, ग्वारा ओर ताकबेली प्राथमिक शाला का चयन किया गया है। निवास बीआरसी सुनील दुबे ने बताया कि निवास कन्या माध्यमिक शाला का यह मॉडल स्कूल जो की ट्रेन के डिब्बे की तर्ज पर बनाया जा रहा है। साथ ही अंदर से पेंटर के द्वारा साज सजजा भी की जा रही है। इससे जो इस स्कूल में बालिकाएं पढ़ेंगी वो अपने आप को अच्छा महसूस करेंगी क्योंकि यह शिक्षा भी हमारे जीवन में ट्रेन की तरह ही निरन्तर चलती रहती हैं।
निरीक्षण भी किया जा रहा
इन स्कूलों का आधिकारियों द्वारा निरीक्षण करके जायजा भी लिए जा रहा है। जिसको लेकर एक टीम भी बनाई गई है। इस टीम में निवास विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सुनील दुबे, जन शिक्षक तारेंद्र मोहन उपाध्याय ,सुरेश मढेले आदि के द्वारा मॉडल शालाओं कन्या माध्यमिक शाला निवास प्राथमिक शाला अंमदरी एवं प्राथमिक शाला आमाडोंगरी का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। प्रधानाध्यापक ओपी श्रीवास्तव, शिक्षक गण विजय दुबे, कुसुम वरकडे, आसिमा मिश्रा,सुमंत्रा शिवहरे एवं देवेंद्र शिवहरे आदि साथ में थे। मॉडल शालाओं को अशासकीय विद्यालयों की तर्ज पर सुसज्जित करने और उपलब्ध संसाधन से अच्छे से अच्छा बनाने की मुहिम में सभी शिक्षक लगे हुए हैं। सर्व शिक्षा अभियान से डीपीसी हीरेंद्र वर्मा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तनवी हुड्डा के मार्गदर्शन में कार्य कराए जा रहे हैं। विकासखंड निवास में चिन्हित 10 शालाओं को मॉडल विद्यालय की तर्ज पर विकसित करने का कार्य जोर-शोर से चल रहा है।