Kanha Tiger Reserve: मंडला, नईदुनिया प्रतिनिधि प्रदेश भर के कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या में हुई वृद्धि अथवा कमी की गणना के आंकड़े 29 जुलाई 2023 को सामने आए। मंडला जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व में पिछले नौ वर्षों में बाघों के कुनबे में अर्धशतक से अधिक की वृद्धि हो चुकी है। यानी पिछले नौ वर्षों में कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या में 50 से अधिक की वृद्धि हो चुकी है। इस खबर से सिर्फ जिलेवासियों में ही नहीं दुनिया भर के बाघप्रेमियों में हर्ष का माहौल व्याप्त है क्योंकि मंडला में प्रतिवर्ष पूरी दुनिया से हजारों सैलानी सफारी के लिए कान्हा नेशनल पार्क में पहुंचते हैं।
मध्यप्रदेश के टाइगर रिजर्व में किए गए बाघों की गणना के परिणाम में यह तथ्य सामने आए हैं कि वर्ष 2013 में जहां कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या मात्र 78 थी। वह 9 वर्षों में 2023 में बढ़कर 129 तक जा पहुंची है। यानी इस एक दशक में कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या में 51 की बढ़ोतरी हो चुकी है।
कान्हा टाइगर रिजर्व के आंकड़े बता रहे हैं कि इन 9 वर्षों में ऐसा कोई भी वर्ष नहीं रहा जब कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई। आंकड़े बता रहे हैं कि वर्ष 2013 में कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या 78 थी। जो अगले ही वर्ष 2014 में बढ़कर 91 हो गई यानी महज 1 वर्ष में ही कान्हा में बाघों की संख्या में 13 की वृद्धि हुई। इसके बाद 5 वर्षों में कान्हा टाइगर रिजर्व में 27 बाघ और बढ़े। वर्ष 2019 में कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों की गणना 118 पाई गई। वर्ष 2023 में की गई गणना के आधार पर इस संख्या में 11 आंकड़ों की और बढ़ोतरी हुई और बाघों की कुल संख्या 129 तक जा पहुंची है।
कान्हा टाइगर रिजर्व द्वारा जारी किए गए आंकड़ों से इस बात की पुष्टि होती है कि पिछले 9 वर्षों में कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों का कुनबा वर्ष 2014 के बाद तेजी से बढ़ा। 2014 से 2019 के बीच टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या में 27 की वृद्धि हुई यानी 2014 में जहां बाघों की संख्या 91 थी वह 2019 में 118 हो गई। इसके बाद के पांच वर्षों में बाघों की संख्या में 11 की वृद्धि दर्ज की गई है। जबकि वर्ष 2013 से वर्ष 2023 के दौरान कुल 51 बाघ यहां बढ चुके हैं।
कान्हा टाइगर रिजर्व में लगातार बढ़ रहे बाघों की संख्या के कारणों के बारे में बताते हुए फील्ड डायरेक्टर एसके सिंह ने कहा कि कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघों की बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि यहां का वातावरण बिल्ली प्रजाति के बाघों के लिए बहुत अधिक अनुकूल है और हम सभी का प्रयास है कि इस पर्यावरणीय अनुकूलता को बरकरार रखा जाए। हालांकि इसके साथ ही पार्क प्रबंधन और कान्हा टाइगर रिजर्व की जिम्मेदारियों में भी बहुत अधिक बढ़ोतरी हो गई है क्योंकि हमें न केवल इस आंकड़े को बरकरार रखना है बल्कि इसमें पिछले वर्षों की तरह लगातार बढ़ोतरी भी करनी है। फील्ड डायरेक्टर एसके सिंह ने बताया कि इस उपलब्धि के लिए सिर्फ कान्हा टाइगर रिजर्व ही नहीं बल्कि इससे सटे गांवों के स्थानीय निवासियों का भी योगदान है। पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने में ग्रामीण सहयोग कर रहे हैं।
वर्ष____बाघों की संख्या
2013__78
2014__91
2019__118
2023__129