
मंडला (नईदुनिया प्रतिनिधि)। साल के आखिरी दिनों में कान्हा इन दिनों पर्यटकों से गुलजार हो गया है, यहां आगामी 12 दिनों तक चारों जोन की बुकिंग फुल हो चुकी है, वहीं बफर जोन में बाघ दिखाई देने के कारण लोग अब बफर जोन में भी बुकिंग करा रहे हैं। बताया गया है कि आज मंगलवार से लेकर 7 जनवरी 2023 तक कान्हा जोन के कान्हा, किसली, मुक्की व सरही में बुकिंग फुल है। साथ ही कान्हा के आसपास रिसार्ट एवं मध्य प्रदेश टूरिज्म के होटल भी बुक हैं।
12 दिन में 21,360 पर्यटक
मंगलवार से लेकर 7 जनवरी के बीच कान्हा जोन के सभी टिकट बुक हो चुके हैं, साथ ही इस दौरान कुल देश और विदेश के 21,360 पर्यटक बाघ का दीदार करने सफारी करेंगे। इनके लिए दो शिफ्ट में कुल 178 जिप्सी वाहन प्रवेश करेंगे। सुबह के शिफ्ट में 100 व शाम को 78 वाहन कान्हा टाइगर रिजर्व सैलानियों को बाघ का दीदार कराने प्रवेश करेंगे।
118 हैं बाघ
कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघ की कुल संख्या 118 है, जिसमें 39 नर, 42 मादा 35 बच्चे एवं दो अज्ञात बाघ हैं। बता दें कि कान्हा जोन के दो स्थानों पर बाघों के दीदार आसानी से होते हैं। वहीं कान्हा व मुक्की जोन पर्यटकों की पहली पसंद होती है, जबकि किसली व सरही को दूसरे नंबर पर पर्यटक पसंद करते हैं। जब कान्हा के चारों जोन के टिकट नहीं मिलते तो लोग बफर में सफारी का आनंद उठाते हैं।
बफर जोन से जगी आस
कान्हा टाइगर रिजर्व के संचालक एसके सिंह ने बताया कि यहां इस समय कान्हा पूरी तरह पैक चल रहा है। बफर जोन में सात अलग-अलग स्थानों पर टाइगर दिख जाने से अब लोग बफर जोन का भी रुख कर रहे हैं। अमूमन बफर जोन में बाघ के दीदार होने की संभावना कम ही होती है, लेकिन वर्ष के अंत के दिनों में बफर जोन में बाघ के दीदार हो जाने से बफर जोन भी सैलानियों से गुलजार हो गया है। कान्हा के प्रमुख तीन गेट खटिया, मुक्की व सरही पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
15 जनवरी के बाद सामान्य हो जाता है ट्रैफिक
छुट्टी के दिन सहित विशेष अवसर जैसे 31 दिसंबर व नया साल में सैलानियों का ट्रैफिक ज्यादा रहता है, जबकि शेष दिनों में एक निश्चित ही व इसके साथ ही सैलानी बाघ का दीदार करने पहुंचते हैं। वहीं विभाग की जानकारी में बताया गया है कि 15 जनवरी के बाद कान्हा में सैलानियों की संख्या में कमी दर्ज की जाएगी।
-----------------
मंगलवार से लेकर सात जनवरी तक कान्हा पूरी तरह से बुक है। बफर जोन में कुछ गुंजाइश है, लेकिन वहां भी बाघ दिखाई देने के बाद पर्यटकों की संख्या में ब़ढ़ोतरी हो गई है।- एसके सिंह, डायरेक्टर, कान्हा टाइगर रिजर्व मंडला।