नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। मंडला संसदीय क्षेत्र के लिए 16 प्रत्याशियों के द्वारा नामांकन दाखिल किए थे। नामांकन दाखिल के बाद प्रत्याशियों के फार्म की संवीक्षा की गई थी। जिसमें सभी प्रत्याशियों नामांकन वैध पाए गए थे। शनिवार तक लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के लिए नाम वापसी का अंतिम मौका था। जिसमें दो प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया है। जिसमें एक महिला व एक पुरूष प्रत्याशी शामिल है। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडला संसदीय क्षेत्र से रीता मरकाम एवं सुखदेव सिंह कुशराम ने अपने नाम वापिस लिए हैं। जिसके बाद अब कुल प्रत्याशियों की संख्या 14 रह गई है।
निर्दलीयों ने नहीं पार्टी से खड़े प्रत्याशियों ने लिए नाम वापस
जैसा कि कयास लगाए जा रहे थे कि संसदीय क्षेत्र के लिए 16 प्रत्याशियों ने नामांकन भरा है। जिसमें निर्दलीय प्रत्याशी की संख्या भी अधिक है। तो निर्दलीय ही नाम वापस लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पार्टी से नामांकन भरे प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया। चुनावी चर्चा करने वालों को सोचने पर मजबूर कर दिया। शनिवार को नाम वापस लेने वालों में राष्ट्रीय गोंडवाना पार्टी से रीता मरकाम व आपकी अपनी पार्टी (पीपल्स) से सुखदेव सिंह कुशराम के नाम शामिल हैं।
अब चुनावी मैदान में बचे 14 प्रत्याशी
मंडला संसदीय क्षेत्र के लिए बचे प्रत्याशियों की संख्या अब 14 रह गई है। इस तरह चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। मुख्य मुकाबला कांग्रेस व भाजपा के बीच होना है। पर अन्य प्रत्याशी भी यदि अधिक संख्या में वोट लेने में कामयाब रहे तो प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं।
निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कुमार सरैया, सितार मरकाम, देवसिंह घूरसिंह सल्लाम, राकेश ठाकुर,डा. भावसिंह तेकाम,गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से महेश कुमार वट्टी,भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से चैन सिंह कुशराम, बहुजन मुक्ति पार्टी से कलियाबाई कोकोडिया, भारत आदिवासी पार्टी से चरन सिंह,बहुजन समाज पार्टी से इंदर सिंह उइके,इंडियन नेशनल कांग्रेस से ओंकार, भारतीय जनता पार्टी से फग्गनसिंह कुलस्ते तथा स्मार्ट इंडियंस पार्टी से रामकुमार इनवाती बचे हैं।
अब चुनावी प्रचार पकड़ेगा जोर
नाम वापसी और होली त्योहार के चलते प्रत्याशी प्रचार प्रसार नहीं कर पा रहे थे। अब प्रचार प्रसार जोर पकड़ेगा। प्रमुख दलों के स्टार प्रचारक भी जिले में आएंगे और विभिन्न विकासखंडों में प्रचार कर अपने प्रत्याशियों के पक्ष में वोट डालने के लिए जोर लगाएंगे। बता दें कि मंडला संसदीय क्षेत्र के लिए प्रथम चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है।