मंडला। नईदुनिया प्रतिनिधि
मंदसौर में किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन में पुलिस फायरिंग से किसानों की मौत को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने बंजर क्लब में प्रदर्शन किया। नुक्कड़ सभा के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय परिहार के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और राष्टपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने आपको किसान का बेटा कहते हैं और खुद किसानों पर गोली चलवा रहे हैं। गोली कांड में मृत किसानों की 5 लाख, 10 लाख, 1 करोड़ की बोली लगाकर किसानों का मजाक उड़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री दोनों ही किसान विरोधी हैं।
उन्होंने कहा कि कश्मीर में पत्थरबाजों पर भाजपा सरकार कोई भी बड़ी कार्रवाई करने में नाकाम रही, किन्तु अन्नदाताओं पर गोली चलवाने में सफल रही है। गोली चलने से किसानों की मौत हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष संजय चौरसिया ने कहा कि मंदसौर की घटना द्रवित कर देने वाली रही। जिस तरह जनरल डायर ने 13 अप्रैल 1919 को घटना को अंजाम दिया था। उसी तरह मप्र सरकार ने इस तरह की हिमाकत की है। जो किसी भी रूप में स्वीकार करने योग्य नहीं है।
उपज का उचित मूल्य दिलाने में सरकार विफल
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि सबसे बदत्तर स्थिति में प्रदेश का किसान है। उसे उसकी उपज का उचित मूल्य दिलाने में प्रदेश सरकार पूर्ण रूप से विफल रही है। नतीजतन मप्र का किसान भी आत्महत्या करने को मजबूर है। स्वामी नाथन आयोग की सिफारिश मप्र में लागू की जाए। जिसमें किसानों को लागत का ढाई गुना समर्थन मूल्य देने की सिफारिश की गई है। जिला कांगे्रस कमेटी ने मांग की कि मंदसौर में मृत किसानों को मुआवजा के साथ-साथ परिवार के सदस्य को शासकीय नौकरी दी जाए। किसान के उपज के मूल्यों के लिए समर्थन मूल्य तय हो एवं घटना की जांच हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायधीश से कराई जाए।
बंद के आह्वान का असर नहीं
राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ ने प्रदेश बंद का आह्वान किया था। लेकिन जिले में इसका प्रभाव नहीं देखा गया। क्योंकि यहां पर यह संघ नहीं है। इस संघ को कांग्रेस ने समर्थन देने की बात कही थी। बावजूद संघ सड़क पर नहीं दिखा। लेकिन कांग्रेसियों ने सड़क पर उतरकर गोलीकांड में मृतकों के परिजनों के प्रति सहानुभूति दिखाई और उनके समर्थन में आगे आए। कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और उसके बाद मृत किसानों के लिए दो मिनट का मौन रखा।
आंदोलन में ये रहे शामिल
जिला कांगे्रस कमेटी अध्यक्ष संजय सिंह परिहार, राजेंद्र राजपूत, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष अशोक पटैल, राजेश कछवाहा, दीपेश वाजपेयी, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, अनूप बासल, रामकिशन बर्वे, आशीष जैन, राकेश तिवारी, शाका यादव, महीपाल सिंह ठाकुर, जगदीश कुर्राम, संजय चौरसिया,नीलू शुक्ला, सविता भांडे, कामिनी चौधरी, सुनिता सार्थी, सरस्वती चौहान, आकाश पटैल, राहुल यादव, सौमिल पटैल, अमजद, आशू कछवाहा, विपिन मरकाम, राजा तेकाम, अंशुल, सौपनिल, मोहित मरकाम, मंजीत तिवारी आदि कार्यकर्ताओं ने किसान आंदोलन में भाग लिया।
ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस ने कहा किसानों कि मौत की बोली लगा रहे हैं मुख्यमंत्री
7एमडीएल6 मंडला। नुक्कड़ सभा करते कांग्रेसी।
7एमडीएल7 मंडला। राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन देते जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय परिहार।
7एमडीएल8मंडला। ज्ञापन देने के बाद मृत किसानों के लिए दो मिनट का मौन रखा कांग्रेसियों ने।