मंडला (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मंडला थाना के अंतर्गत धान के पैरा में लगी आग में 4 वर्षीय मासूम की जलकर मौत हो गई। घटना शुक्रवार की शाम 4 बजे के लगभग की बताई गई है। मृतका का नाम अंशिका यादव पिता यशवंत यादव आमानाला निवासी बताया है।घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि अंशिका और उसका चार साल का भाई अंशु घर के पीछे बाड़ी में रखा धान के पैरा में खेल रहे थे। उसी दौरान न जाने कैसे आग लग गई।जैसे ही आग लगी, वह भागकर अपनी मां से जाकर बताया। जब तक मां भागकर पहुंची, तब तक आग में बुरी तरह झुलस चुकी थी।तत्काल आटो से जिला अस्पताल लेकर आए। जहां से उसे मृत घोषित कर दिया गया।
दिव्यांगों के लिए नैनपुर में 14, मंडला में 15 और निवास में 16 को लगेंगे शिविर
मंडला (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों के हितार्थ कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक सहायक उपकरण प्रदान किए जाने हेतु वृहद विशेष शिविर का आयोजन जबलपुर में किया जाना है। उक्त विशेष शिविर हेतु मंडला जिले के दिव्यांगजनों को चिन्हित किया जाना है। दिव्यांगजनों को चिन्हित किए जाने हेतु 14 मार्च को नैनपुर,15 मार्च को मंडला व 16 मार्च को निवास में शिविर का आयोजन किया जाना है। उक्त शिविरों में स्थानीय स्तर पर प्रीपेरेटरी कैंप जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शासन एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग, महावीर सेवा संस्था एवं एलिम्को संस्था आदि के समन्वय से आयोजित किया जा रहा है। जिसमें मेडिकल बोर्ड आदि के माध्यम से परीक्षण करने एवं उनके उपकरण की आवश्यकता का निर्धारण महावीर सेवा संस्था एवं एलिम्को संस्था द्वारा माप आदि की कार्यवाही कर प्रस्तावित विशेष वृहद शिविर में कृत्रिम अंग, ट्राई साईकिल, बैसाखी, श्रवण यंत्र व्हील चेयर एवं छड़ी आदि प्रदान किया जाना है। शिविर में दिव्यांग सर्टिफिकेट बनाए जाएंगे एवं कृत्रिम अंगों के लिए माप लिया जाएगा। साथ ही दिव्यांग पेंशन आदि भी स्वीकृत की जाएगी। इस शिविर में जिन दिव्यांगों के पास दिव्यांग सर्टिफिकेट नहीं है या जिन्हें दिव्यांग सर्टिफिकेट का नवीनीकरण कराना है वे अनिवार्य रूप से उपस्थित होवें।