
मंडला। महिला अध्यापकों द्वारा शनिवार को भोपाल के जम्बूरी मैदान में केश त्याग की घटना से अध्यापक जगत में सरकार के प्रति गहरा आक्रोश फैल गया है। राज्य अध्यापक संघ ने कहा है कि अध्यापकों की मांगों के समर्थन में केश त्याग किया जाना बेहद व्यथित करने वाली घटना है। पूर्व चेतावनी के बाद भी सरकार द्वारा कोई कार्रवाई न कर शिक्षक महिलाओं का मुंडन होते देखते रहना बेहद शर्मसार करने वाला है।
संघ के जिलाध्यक्ष डीके सिंगौर ने बताया कि अध्यापकों द्वारा मुंडन के लिए बाध्य होना सरकार की छल कपटपूर्ण नीति का नतीजा है। नैनपुर ब्लॉक इकाई अध्यक्ष संजीव सोनी ने कहा कि प्रदेश के अध्यापक सरकार की नीतियों से इतने उपेक्षित हैं कि पति के जीवित रहते महिला अध्यापकों को अपना सिर मुंडाकर विरोध जताना पड़ रहा है। गलत नीतियों के चलते ही अध्यापक के आकस्मिक निधन पर उसकी पत्नी को मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करना पड़ रहा है। पति-पत्नी समायोजन की नीति सरकार अध्यापकों पर लागू नहीं कर रही है।
भोपाल में 21 को होगा प्रदर्शन
बताया गया कि राज्य अध्यापक संघ 21 को भोपाल में प्रदर्शन करेगा। सरकार की संवेदनहीनता पर राज्य अध्यापक संघ के प्रकाश सिंगौर, सुनील नामदेव, भगवान दास यादव, संजीव दुबे, गौरव अग्रवाल, राजकुमार रजक, गंगाराम यादव, मोहन यादव, विवेक मिश्रा, नंदकिशोर कटारे, साजिद मोहीस खान, आशीष तिवारी, अमर सिंह चन्देला, नंद किशोर मार्को, चंद्रशेखर तिवारी, मनोज पटेल, ओमप्रकाश पटेल आदि खेद व्यक्त किया है।
स्कूलों में तालाबंदी को लेकर अध्यापकों ने की बैठक
आजाद अध्यापक संघ की बिछिया और मवई शाखा में बैठक का आयोजन जिला अध्यक्ष संतोष सोनी की अध्यक्षता में हुआ। मवई ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश खरे, बिछिया अध्यक्ष सेवन मरकाम ने बताया कि 18 जनवरी से होने वाली भूख हड़ताल एवं 21 को भोपाल में होने वाली महापंचायत सहित 22 से स्कूलों में तालाबंदी को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।
आगामी 18, 19 एवं 20 जनवरी को जिले के प्रत्येक स्कूल से एक-एक अध्यापक भूख हड़ताल में सम्मिलित होगा। इसके बाद भी मांग पूरी न होने पर 21 तारीख को भोपाल में प्रदर्शन करेंगे और 22 जनवरी से जिलेभर के स्कूलों में तालाबंदी कर शासन की नीतियों का विरोध किया जाएगा। बैठक में अमित श्रीवास्तव, अनिल वाहने, बिपत यादव, बसंत कुमार वारेश्वा, सतीश मिश्रा, दुर्गेश खरे, राजेश बाजपेई, मीना सोनवानी, प्रेमकली भारतीया, गणेश साहू, राम कुमार तिवारी, मुनीर खान, कमल सिंह, अशोक मरावी, त्रिलोक कुशराम आदि उपस्थित रहे।