
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। दलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम कचनारा में गुरुवार को एक कार्यक्रम के बाद फूड पाइजनिंग से गांव में हड़कंप मच गया। एक कार्यक्रम में भोजन करने के बाद करीब 20 से 25 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार ग्राम कचनारा में गुरुवार को एक सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
लोगों ने दोपहर में भोजन किया था। भोजन करने के कुछ ही देर बाद कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी, दस्त और घबराहट की शिकायत के साथ एक के बाद एक लोगों की हालत बिगड़ती चली गई। इससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति बिगड़ते देख ग्रामीणों ने तत्काल सभी बीमार लोगों को निजी वाहनों और एम्बुलेंस से नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में एक साथ इतने मरीजों के आने से स्टाफ भी अलर्ट हो गया और तुरंत इलाज शुरू किया गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया।
कचनारा चौकी प्रभारी भीमसिंह राठौर बल के साथ मौके पर पहुंचे।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धुंधड़का के बीएमओ डा. अभिषेक जैन अपनी मेडिकल टीम के साथ नगरी अस्पताल पहुंचे और मरीजों के उपचार की व्यवस्था संभाली। हल्का पटवारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में भंडारा खाकर लौट रहे बच्चों ने खाया जहरीला फल, 15 बच्चे बीमार और 13 को अस्पताल में कराया गया भर्ती
बीएमओ डा. अभिषेक जैन ने बताया कि सभी मरीजों में फूड पाइजनिंग के लक्षण हैं, सभी को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और सभी की हालत फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर है। एहतियात के तौर पर अस्पताल में अतिरिक्त डॉक्टर और स्टाफ तैनात किया गया है।
वहीं प्रशासन ने कार्यक्रम में बने भोजन के सैंपल को जांच के लिए एकत्र कर लिया है, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही फूड पाइजनिंग के सही कारणों का पता चल सकेगा।