
नईदुनिया न्यूज, दलौदा (मंदसौर)। नगर में मंगलवार दोपहर को दो पक्षों की लड़ाई में बीच-बचाव करने गए पिता-पुत्र के साथ जमकर मारपीट हुई। व्यवसायी के सिर में गंभीर चोट लगने पर जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं इससे आक्रोशित लोगों ने बाद में दलौदा बंद करा दिया और आरोपितों के घर गिराने की मांग करने लगे। लोगों के आक्रोश को देखते हुए आस-पास के थाने का पुलिस बल भी बुला लिया गया। बाद में तीन आरोपितों की गिरफ्तारी की गई। आक्रोशित लोगों ने समझाइश के बाद एक ज्ञापन पुलिस व प्रशासन को सौंपा।
नगर में रेलवे स्टेशन रोड पर दो पक्षों की लड़ाई में बीच-बचाव करने गए न्यू कृष्णा पाइंट स्टेशनरी की दुकान के संचालक मुकेश पुत्र प्रदीप लालवानी के साथ जमकर मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि मुकेश लालवानी की दुकान पर काम करने वाले युवक हुसैन व महावीर गोदाम से बाइक लेकर दुकान आ रहे थे। इसी दौरान दुकान के सामने ही बाइक सवार युवकों अल्लाह रखा पुत्र गफ्फार हुसैन, अजर पुत्र गफ्फार हुसैन दोनों निवासी गौतम नगर दलौदा व गुलाम हुसैन पुत्र महबूब शाह निवासी ग्राम रिंडा से हल्की टक्कर हो गई। इस पर तीनों युवक हुसैन व महावीर के साथ मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचे मुकेश लालवानी एवं उनके पिता प्रदीप लालवानी के साथ तीनों युवकों ने मारपीट की।
मुकेश के सिर में गंभीर चोट लगने पर पहले निजी क्लीनिक ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद दलौदा में व्यापारियों एवं विभिन्न संगठनों में आक्रोश फैल गया। विरोध स्वरुप व्यापारियों ने सभी दुकानें बंद कर दी और बाइक रैली निकालकर आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। मौके पर आस-पास के थानों का पुलिस बल तैनात किया गया।
एएसपी तेरसिंह बघेल, मंदसौर ग्रामीण एसडीओपी कीर्ति बघेल, मंदसौर ग्रामीण एसडीएम शुभम पाटीदार, तहसीलदार वंदना हरित एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। सभी का आक्रोश शांत किया और कहा कि आरोपितों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपितों पर कठोर कार्रवाई करने अवैध अतिक्रमण हटाने एवं सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। प्रशासन द्वारा कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद नगर में स्थिति शांतिपूर्ण रही। व्यापारियों ने अपने संस्थानों को बंद रखकर विरोध किया कि इस प्रकार की घटना दोबारा नहीं हो इसको लेकर सख्त कार्रवाई की जाएं। एसडीएम एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंप सख्त कार्रवाई करने की मांग की। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
सागर में मारपीट से आहत सराफा व्यापारी तालाब में कूदा, नाव वालों ने बचाई जान