
नईदुनिया प्रतिनिधि,मंदसौर। मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम सुरजनी में कुख्यात आरोपी भय्यू लाला उर्फ वाहिद खान पठान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस दबिश के दौरान वह घर में पलंग पेटी में छिप गया था, जहां दम घुटने से उसकी जान चली गई। हालांकि, परिजनों ने पुलिस पर मारपीट, 25 लाख रुपये मांगने और घर से डीवीआर ले जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
भय्यू लाला उर्फ वाहिद के शव को देर रात पुलिस सीतामऊ हास्पिटल लेकर आई। उसके बाद शव को मंदसौर जिला अस्पताल लाया गया। यहां पीएम के बाद शव स्वजन को सौंपा जाएगा। इधर पुलिस पर आरोप लगाते हुए भय्यू लाला के स्वजन सीतामऊ में लदुना चौराहे पर सड़क पर बैठे हैं।

सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम सुरजनी में बुधवार रात पुलिस भय्यू लाला की तलाश में उसके घर पहुंची थी। जानकारी के अनुसार उस समय भय्यू लाला घर पर मौजूद था। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वह पलंग पेटी में छिप गया। कुछ देर तलाशी के बाद पुलिस टीम लौट गई। बाद में पलंग पेटी के अंदर दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
भय्यू लाला उर्फ वाहिद खान पठान पर कुल 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज थे। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान पुलिस को करीब पांच मामलों में उसकी तलाश थी। उसकी हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई थी और उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की, 25 लाख रुपये की मांग की और घर से डीवीआर भी अपने साथ ले गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी पर कई गंभीर अपराध दर्ज थे और वह वांछित था।
कुछ माह पहले मुंबई पुलिस ने जावरा से भय्यू लाला के दो गुर्गों को 10 किलो एमडी के साथ पकड़ा था। इसके बाद से मुंबई पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी। फिलहाल मामले को लेकर जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।