
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। दलौदा तहसील के ग्राम बनी में सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत जानकारी मांगने को लेकर पंच व उसके परिवार ने मारपीट की है। मंगलवार को गांव के युवक और उसकी बुजुर्ग दादी पर सरिये और पत्थरों से जानलेवा हमला किया गया।
पीड़ित पक्ष भावगढ़ थाने गया तो वहां उनके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर लिया गया। बुधवार को पीड़ित परिवार व ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार, जगदीश पुत्र रामकिशन राठौर निवासी ग्राम बनी ने बताया कि दो-तीन माह पूर्व अपनी ग्राम पंचायत के कार्यों और हिसाब-किताब की मांग को लेकर सूचना के अधिकार के तहत आवेदन किया था। इस बात को लेकर वार्ड 8 का पंच कपिल धाकड़ मुझसे लगातार नाराज चल रहा था।
मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे मैं अपने घर के बाहर चल रहे सीसी निर्माण की देख रेख कर रहा था। इसी समय कपिल धाकड़ वहां पहुंचा और आरटीआई की नाराजगी से अभद्र व्यवहार करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। कपिल ने अपने भाई घनश्याम धाकड़, पिता बाबूलाल उर्फ बापूलाल धाकड़ और काका सुरेश धाकड़ को भी बुला लिया।
आरोपित घर के बाहर रखे पत्थरों का बहाना बनाकर गाली-गलौज करने लगे और लोहे के सरिये से जगदीश के गले व सीने पर हमला कर दिया। जगदीश घायल हो गया और खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर 65 वर्षीय दादी सीताबाई बीच-बचाव करने आई तो आरोपितों ने उनके साथ भी बर्बरता की।
बुजुर्ग महिला को धक्का देकर जमीन पर पटक दिया और पत्थरों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपित आवेदन वापस नहीं उठाने फिर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
मारपीट के बाद पीड़ित ने 112 डायल कर भावगढ़ थाने पर दी और भानगढ़ के चिकित्सा केंद्र पर ही स्वास्थ्य परीक्षण कराया। जगदीश ने आरोप लगाया कि पुलिस थाने में भी आरोपियों ने अपने रसूख का इस्तेमाल कर मैरे खिलाफ भी झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी। जबकि मैं अकेला था और हमलावर चार-पांच लोग थे।
आरोपितों से लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत होकर बुधवार को सभी एसपी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्राम बनी का पीड़ित परिवार शिकायत लेकर आया था। उनका आवेदन लिया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-तेरसिंह बघेल, एएसपी।