भगवान शिव का मंदिर जहां तिथि के अनुसार मनाया जाता है स्वतंत्रता दिवस… जानिए मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर में आज क्या होगा
Pashupatinath temple of Mandsaur: पं. रविन्द्र पाण्डेय ने बताया कि भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर में स्वतंत्रता दिवस तारीख़ के हिसाब से नहीं, बल्कि तिथि के अनुसार मनाया जाता रहा है। यह परंपरा पिछले 36 सालों से चली आ रही है। इस वर्ष भी यहां स्वतंत्रता दिवस 23 दिन पहले यानी 23 जुलाई को ही मनाया जा रहा है।
Publish Date: Wed, 23 Jul 2025 07:47:38 AM (IST)
Updated Date: Wed, 23 Jul 2025 07:48:02 AM (IST)
आज के दिन पशुपतिनाथ मंदिर में दूर्वा घास से श्रृंगार किया जाता है। (फाइल फोटो)HighLights
- गर्भगृह में विराजित है पशुपतिनाथ की अष्टमुखी प्रतिमा
- प्रतिवर्ष हिंदू पंचांग तिथि के अनुसार होता है आयोजन
- दूर्वा से होता है अभिषेक, बड़ी संख्या में उमड़ते हैं भक्त
नईदुनिया, मंदसौर। सावन माह (Sawan 2025) की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर (Pashupatinath Mandir) पर स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) मनाया जाता है। मंदिर पर प्रतिवर्ष हिंदू पंचांग तिथि के अनुसार, आज स्वतंत्रता दिवस पर मनाया जाएगा। इस अवसर पर दूर्वा से भगवान श्री पशुपतिनाथजी अभिषेक किया जाएगा।
ज्योतिष एवं कर्मकांड परिषद के पं. उमेश जोशी, पं मनोहरलाल शर्मा, पं विशाल जोशी, चंद्रशेखर चौधरी, आशीष चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर भगवान की पूजा अर्चना कर दूर्वा से अभिषेक कर स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा।
दूर्वा घास का जल चढ़ाया जाता है… यह है मान्यता
- पशुपतिनाथ मंदिर में हिन्दू पंचाग अनुसार आज स्वतंत्रता दिवस पर भगवान पशुपतिनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। भगवान की इस पूजा में शिवलिंग पर दूर्वा घास का जल चढ़ाया जाता है, जो बुरी शक्तियों को दूर करने के लिए माना जाता हैं।
साथ ही प्रार्थना की जाती है कि देश में सुख शांति रहे और सभी लोग सुखी रहे। देश विश्व में कीर्तिमान स्थापित करें। इसी कामना के साथ पंडित जलाभिषेक करते हैं। पशुपतिनाथ का यह श्रृंगार देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। यहां भी क्लिक करें - सात फीट से ऊंची नहीं, झांकी 12 फीट की, कांवड़ यात्रा पर जा रहे हैं तो जान लीजिये ये नियम
अमर बलिदानी चंद्रशेखर आजाद की जन्म जयंती
महान स्वतंत्रता सेनानी अमर बलिदानी चंद्रशेखर आजाद की जन्म जयंती भी आज ही मनाई जा रही हैं। दोनों पुनीत प्रसंग पर मनाया जा रहा हैं। पशुपतिनाथ मंदिर में स्वतंत्रता दिवस तारीख नहीं, बल्कि हिंदू पंचांग के आधार पर मनाते हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि 15 अगस्त 1947 को जिस दिन देश अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुआ था, हिंदू पंचांग के अनुसार उस दिन सावन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी थी. इसी तिथि को याद रखते हुए हर साल यहां तिथि के आधार पर आजादी का उत्सव मनाते हैं।