
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर/भवानीमंडी। भैसोदा मंडी स्थित साईनाथ हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में आयुष्मान भारत योजना के तहत उस चिकित्सक से नवजात बच्चों का उपचार कराया जो दूर पंजाब में पदस्थ है। पंजाब में कार्यरत बाल रोग विशेषज्ञ के नाम, सील, हस्ताक्षर और रजिस्ट्रेशन का इस्तेमाल कर नवजातों को एनआईसीयू में भर्ती कर आयुष्मान योजना के तहत लाखों रुपये भी ले लिए।
पंजाब में बैठे चिकित्सक ने इस मामले की शिकायत की है, वहीं अब मंदसौर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मंदसौर ने चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। जो सात दिन में मामले की जांच कर रिपोर्ट देगी।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिन नवजातों को अस्पताल के दस्तावेजों और आयुष्मान पोर्टल पर सेप्सिस तथा नियोनेटल जाइंडिस जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित बताकर एनआईसीयू में भर्ती बताया गया था। उनके स्वजन बच्चों को जन्म के बाद से ही स्वस्थ और मां के पास होने की बात कह रहे हैं। सवाल यह है कि जब बच्चे स्वस्थ थे तो गंभीर बीमार बताकर एनआईसीयू में भर्ती क्यों बताया गया।
इस पूरे मामले में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज मोगरे के नाम का फर्जी उपयोग हुआ है। डॉ. मोगरे काफी समय पहले ही यहां से काम छोड़कर पंजाब के सरकारी मेडिकल कॉलेज में चले गए हैं। उसके बाद भी अभी तक अस्पताल उनके नाम और रजिस्ट्रेशन का उपयोग कर आयुष्मान पोर्टल पर उपचार संबंधी प्रविष्टियां दर्ज कर रहा था। इसका खुलासा भी डा. मोगरे ने ही एक शिकायत कर किया था।
आरोपों के बाद 25 नवंबर को ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके द्विवेदी द्वारा जारी आदेश के तहत एक जांच समिति का गठन किया गया है। जिसमें जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसजी सूर्यवंशी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. बीएल सिसौदिया, बाल रोग डॉ. अरविंद वर्मा, एमएंडई अधिकारी राकेश शर्मा, को शामिल किया गया है।
समिति सात दिन में अस्पताल के उपचार रिकार्ड, आयुष्मान पोर्टल पर दर्ज मरीजों की जानकारी, चिकित्सक के रजिस्ट्रेशन और हस्ताक्षरों के इस्तेमाल सहित भुगतान संबंधी दस्तावेजों की जांच करेगी। अब देखना होगा कि जांच में अस्पताल पर लगाए गए आरोपों की कितनी पुष्टि होती है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई की जाती है।
श्री साईनाथ हास्पिटल के संचालक अशोक नागर का नाम इससे पहले भी छात्रवृत्ति घोटाले और शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े फर्जीवाड़ों में आ चुका है। श्री साईंनाथ नर्सिंग एवं पैरामेडिकल, भैसोदा के संबंध में छात्रवृत्ति घोटाले की शिकायतों पर लोकायुक्त में प्रकरण क्रमांक 194/2017 और 497/2018 दर्ज होकर जांच प्रचलित है। इनमें से एक मामले में करीब 7.50 लाख रुपये की वसूली भी हो चुकी है।
इसके बाद अशोक नागर ने उमरिया में पैरामेडिकल कॉलेज के माध्यम से छात्रवृत्ति संबंधी अनियमितताएं की। वहीं राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में वर्ष 2019 में कागजों पर श्री साईंनाथ हास्पिटल और मां जालपा नर्सिंग कालेज संचालित दिखाकर फर्जीवाड़ा करने का मामला भी सामने आया था। इस प्रकरण में स्वास्थ्य विभाग के कुछ अधिकारी-कर्मचारियों को भी आरोपित बनाया गया था। मामला आज भी न्यायालय में विचाराधीन है।
मध्य प्रदेश के चर्चित नर्सिंग कालेज घोटाले की जांच के दौरान सीबीआई के एक अधिकारी से जुड़े रिश्वत प्रकरण में लेन-देन के आरोपों के चलते अशोक नागर के विरुद्ध भी सीबीआई ने प्रकरण दर्ज किया था। इस मामले में भी जांच प्रचलित होने की जानकारी है। अब साईंनाथ हास्पिटल में आयुष्मान योजना के तहत नवजातों के उपचार के नाम पर लगाए आरोपों ने एक बार फिर श्री साईनाथ हास्पिटल के संचालक अशोक नागर को चर्चा में ला दिया है।
अशोक नागर ने इस मामले में भी अधिकारियों को गुमराह किया है। इसकी एक बानगी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय से अंदाजा लगाया जा सकता है। जिस व्यक्ति पर वर्ष 2019 में राजगढ़ में कागजों में हॉस्पिटल एवं नर्सिंग कालेज संचालन की एफआइआर दर्ज हुई।
उसने जेल से छूटकर मंदसौर में श्री साईंनाथ हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की मान्यता प्राप्त कर ली। जबकि हास्पिटल संचालन संबंधित फर्जीवाड़े में ही इसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज है। इसमें या तो अशोक ने फर्जी शपथ पत्र प्रस्तुत किया होगा या फिर तत्कालीन सीएमएचओ के साथ मिलकर फर्जीवाड़े को अंजाम दिया होगा। इसकी भी जांच स्वास्थ्य विभाग को करनी चाहिए।
पंजाब में बैठे चिकित्सक के फर्जी सील-साइन और रजिस्ट्रेशन से नवजातों को एनआईसीयू में भर्ती दिखाकर आयुष्मान से लाखों के पैकेज निकालने का आरोप भेसोदा के साईनाथ हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर पर लगा है। इस मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय दल का गठन किया है। इसमें जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसजी सूर्यवंशी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी 2 डॉ. बीएल सिसौदिया, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद वर्मा व एम एंड ई राकेश शर्मा शामिल है। यह टीम सात दिन में नियमानुसार जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी। - डॉ. आरके द्विवेदी, सीएमएचओ।