
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। मंदसौर जिले की भानपुरा तहसील के ग्राम कंवला में एक मकान में गैस सिलिंडर फटने से आग लग गई। इसमें चौकीदार जाकिर हुसैन पठान की मौत की सूचना है। चौकीदार मकान में ही रह गए थे, बाकी सदस्य बाहर निकल गए।
जानकारी के अनुसार मंदसौर जिले के भानपुरा तहसील में मिनी गोवा के नाम से मशहूर ग्राम कंवला में शुक्रवार सुबह चौकीदार जाकिर हुसैन पठान के घर में गैस की टंकी फटने से घर में आग लग गई थी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जाकिर हुसैन की पत्नी नूरजहां और बेटे जाफर को बाहर निकाल लिया।

बताया जा रहा है कि जाकिर हुसैन अंदर ही फंसा रह गए और झुलसने से उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि जाकिर का घर और दुकान साथ-साथ ही है। मौके पर भानपुरा, गरोठ व भेसोदा मंडी से दमकल पहुंची। भानपुरा पुलिस सहित राजस्व विभाग से तहसीलदार, पटवारी व अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे।