
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। हमने कभी नहीं सुना कि नाम में तारीख होती है, पर कभी तारीख भी ऐसी हो कि वह देश की सबसे खास तारीख हो तो शख्स भी खास हो जाता है। मंदसौर के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में एक ऐसे ही शासकीय सेवक हैं, जिनका नाम ही 26 जनवरी टेलर है।
उन्हें अपने नाम पर गर्व भी है और इसकी वजह से परेशान भी हो चुके हैं। एक बार कलेक्टर ने यह कहकर इनका वेतन रोक दिया था कि यह नाम कैसे हो सकता है। बाद में प्राचार्य ने कलेक्टर के पास पहुंचकर प्रमाणीकरण किया तब जाकर वेतन निकला।
साल 1966 की 26 जनवरी को सुबह आठ बजे झाबुआ जिले में पदस्थ प्राचार्य सत्यनारायण टेलर के यहां तीसरी संतान के रूप में लड़के का जन्म हुआ था। बच्चे का नाम क्या रखा जाए यह सोचकर ही उन्होंने 26 जनवरी रख दिया।
शुरू में स्वजन ने भी टोका पर वह अपने निर्णय पर अडिग रहे और तीसरे बेटे का नाम 26 जनवरी टेलर हो गया। 1991 से मंदसौर के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी 26 जनवरी टेलर का नाम पहले तो सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को अचरज भरा लगता था।
इस अनोखे नाम को लेकर कारण भी पूछते थे। पर अब कहानी सुनाते-सुनाते 26 जनवरी टेलर भी आदी हो चुके हैं। वही शहर के सभी शासकीय कार्यालयों में नाम की वजह से खास पहचान भी मिली है। जहां भी जाते हैं पहले उनके काम किए जाते हैं। वहीं सभी शार्टकट में उनको 26 नाम से ही पुकारते हैं।
59 साल पूरे कर चुके 26 जनवरी टेलर कहते हैं कि पहले जब नासमझ थे तो लगता था कि पिताजी ने कैसा नाम रख दिया। पर जैसे-जैसे बड़े होते गए तारीख का महत्व पता चला। अब तो नाम बताने में गर्व महसूस होने लगा। ऑफिस से लेकर मोहल्ले के लोग भी अब नाम को सम्मान देते हैं।
इसी साल नौकरी को 34 साल पूरे कर रहे 26 जनवरी टेलर को अनोखे नाम के चलते परेशानी भी हुई थी। पहले तो शासकीय कार्यालयों सहित अन्य जगह लोग यही कहते रहे कि ऐसा भी कोई नाम होता है क्या।
1994-95 में जिले में पदस्थ रहे कलेक्टर ने इनका वेतन ही रोक दिया था। और कहा कि इस नाम का प्रमाणीकरण क्या है? वेतन नहीं मिलने से घर पर परेशानी होने लगी थी तब फिर डाइट के तत्कालीन प्राचार्य ने कलेक्टर के समक्ष पहुंचकर नाम का प्रमाणीकरण किया। इसके बाद से अब तक इस तरह की कोई समस्या नहीं हुई।
26 जनवरी बताते हैं कि कक्षा पांचवीं में पहुंचे तो स्कूल प्राचार्य ने उनके पिता सत्यनारायण टेलर को बुलाकर कहा था कि अगर अभी नाम बदलना हो तो बदल सकते हैं। फिर एक बार बोर्ड में नाम हो गया तो नहीं बदल पाएंगे।
इस पर पिताजी ने कहा कि अब एक बार नामकरण हो गया सो हो गया। अब इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। टेलर ने भी अपने पिताजी की इच्छा का सम्मान करते हुए कभी भी नाम बदलने की जिद नहीं की।
बेटी की शादी कर दी, बेटा कर रहा नौकरी
26 जनवरी के एक बेटा व बेटी है। हालांकि उनके परिवार में फिर कभी भी तारीखों से जुड़े या देशभक्तों के नाम पर संतानों के नाम नहीं रखे गए है। बेटी व बेटे की शादी कर चुके हैं और बेटा व्यवसाय कर रहा है।
हालांकि 26 जनवरी के मन में एक कसक जरूर है कि देश की दो महत्वपूर्ण तारीखों में एक संविधान लागू होने वाली तारीख का नाम होने के बाद भी अभी तक कोई सम्मान नहीं मिला है। न तो जिला प्रशासन ने और न ही सामाजिक संस्थाओं ने भी कोई सम्मान दिया है।