
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अरनोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हिस्ट्रीशीटर वसीम खान की लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। पुलिसकर्मियों ने रविवार को आरोपित के आलीशान मकान सहित अन्य पर बोर्ड लगाकर कब्जे में लेने की कार्रवाई की। फ्रीज की गई संपत्ति में आलीशान मकान, क्रेटा कार और जॉन डियर कंपनी का ट्रैक्टर भी शामिल है। आरोपित पर मप्र व राजस्थान में कुल 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
अरनोद थाना प्रभारी शिवलाल मीणा ने बताया कि वसीम खान निवासी देवगढ़ी लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी में लिप्त है। उसके खिलाफ वर्ष 2003 से 2026 तक राजस्थान और मप्र में हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार और मादक पदार्थ तस्करी सहित कुल 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
इसकी संपत्ति फ्रीजिंग का प्रस्ताव तैयार कर सफेमा कोर्ट भेजा गया था। सक्षम प्राधिकरण ने 13 नवंबर को फ्रीजिंग आदेश को मंजूरी देकर स्थायी किया। इसके बाद रविवार को पुलिस ने संबंधित संपत्तियों पर बोर्ड लगा दिए।
1 अप्रैल 2026 को जोधपुर जिले के भोपालगढ़ थाना पुलिस ने आरोपित समंदर निवासी हिंगोली से 80.54 ग्राम एमडी और 1.25 ग्राम स्मैक जब्त कर उसे गिरफ्तार किया था। जांच में समंदर ने बताया कि मादक पदार्थ वसीम खान ने उपलब्ध कराए थे। इसके बाद वसीम खान को 12 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। अभी वह जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद है।
पुलिस के अनुसार वसीम खान ने मादक पदार्थों की तस्करी से कमाए रुपयों से देवगढ़ी गांव में आबादी भूमि पर आलीशान मकान, टीन शेड और जमीन खरीदी थी। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा कार (एमपी 09 सीवाई 9495) और ट्रैक्टर को भी फ्रीज किया गया है। पुलिस ने बताया कि अवैध संपत्ति को फ्रीज करने की प्रक्रिया के लिए 16 अक्टूबर को सफेमा कोर्ट प्रस्ताव भेजा गया था। सुनवाई के बाद प्राधिकरण ने फ्रीजिंग आदेश को मंजूरी दी।
यह भी पढ़ें- एमपी के 1.33 लाख किसानों को बड़ी राहत, मात्र ₹5 में मिले कृषि पंप बिजली कनेक्शन, बाकी राशि किस्तों में